Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली पहुंचे नितीश कुमार, JDU की नई टीम में बेटे की एंट्री पर ‘ब्रेक’; जानें किसे क्या बनाया गया?

JDU new national committee: दिल्ली पहुंचते ही नीतीश कुमार ने JDU संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए अपनी नई राष्ट्रीय ‘कोर टीम’ का ऐलान कर दिया है. संजय झा और अशोक चौधरी का कद बरकरार है, लेकिन इस लिस्ट में एक ऐसा नाम गायब है, जिसकी पिछले कई दिनों से बिहार की सियासत में सबसे ज्यादा चर्चा थी.

JDU new national committee Nitish Kumar

JDU new national committee: जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है. दिल्ली पहुंचते ही नीतीश कुमार के निर्देश पर पार्टी ने कुल 24 राष्ट्रीय पदाधिकारियों की लिस्ट जारी कर दी है. इस संगठनात्मक फेरबदल के जरिए पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है. नई कार्यकारिणी में जहां पुराने और भरोसेमंद चेहरों का दबदबा कायम है, वहीं हाल ही में चर्चा में रहे कुछ नामों की गैरमौजूदगी ने सियासी पंडितों को भी चौंका दिया है.

भरोसे को मिले अहम जिम्मेदारी (JDU Bihar politics)

नीतीश कुमार ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में स्थिरता बनाए रखने का संदेश दिया है. संजय झा, चंदेश्वर प्रसाद और आलोक सुमन को अहम रोल दिया गया है. संजय कुमार झा को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बरकरार रखा गया है. वह इस अहम पद पर बने रहकर संगठन का कामकाज देखेंगे. पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को पदोन्नत करते हुए पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (National Vice President) बनाया गया है. सांसद आलोक कुमार सुमन पर पार्टी ने एक बार फिर भरोसा जताया है और उन्हें कोषाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है.

12 नेताओं को मिली राष्ट्रीय महासचिव की कमान

पार्टी ने संगठन को धार देने के लिए कुल 12 नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव (National General Secretary) नियुक्त किया है. इस लिस्ट में आफाक अहमद खां, मनीष वर्मा, अशोक चौधरी, श्याम रजक, रामसेवक सिंह, रमेश सिंह कुशवाहा, हरिवंश पाटिल, कहकशां परवीन, सुजीत कुमार, हर्षवर्धन और मौलाना गुलाम रसूल बलियावी जैसे दिग्गज नेताओं के नाम शामिल हैं. विशेष रूप से अशोक चौधरी और श्याम रजक जैसे नेताओं को महासचिव बनाकर पार्टी ने सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की कोशिश की है. इसके अलावा, राज सिंह मान को पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया है.

ये भी पढ़ें: ‘गेट आउट फ्रॉम हियर…’: जाम में फंसी महिला ने सरेआम मंत्री गिरीश महाजन को धोया, BJP की रैली का Video वायरल

बेटे निशांत कुमार को नहीं मिला कोई पद

इस पूरी लिस्ट में जो सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात रही, वह है नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार (Nishant Kumar) का नाम न होना. पिछले कुछ दिनों से बिहार के सियासी हलकों में यह चर्चा जोरों पर थी कि नीतीश कुमार के राजनीतिक उत्तराधिकारी के तौर पर निशांत को पार्टी में कोई बड़ा पद दिया जा सकता है. लेकिन, 24 पदाधिकारियों की इस नई लिस्ट में निशांत कुमार को कोई जगह नहीं मिली है. इससे यह साफ हो गया है कि नीतीश कुमार फिलहाल अपने बेटे की औपचारिक ‘सियासी लॉन्चिंग’ से परहेज कर रहे हैं.

मिशन मोड में नीतीश कुमार

जेडीयू की यह नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी स्पष्ट करती है कि खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए नीतीश कुमार ने ‘मिशन मोड’ में काम करना शुरू कर दिया है. अनुभव और वफादारी को तरजीह देते हुए जिस तरह से टीम का गठन किया गया है, वह आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों की ठोस तैयारी का संकेत है. अब देखना यह है कि संजय झा, अशोक चौधरी और मनीष वर्मा जैसे रणनीतिकार जमीनी स्तर पर पार्टी को कितनी मजबूती दिला पाते हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read