निधि राजदान संग उमर अब्दुल्ला ने की शादी
Omar Abdullah Nidhi Razdan Marriage: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी बड़ी खबर साझा की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पत्रकार निधि राजदान के साथ एक तस्वीर पोस्ट करते हुए अपने विवाह की जानकारी दी. फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ‘कल एक नया सफर शुरू हुआ.’ शादी के एक दिन बाद की गई इस पोस्ट ने उनके समर्थकों और फॉलोअर्स का ध्यान खींच लिया.
It’s done bro 💍 @OmarAbdullah https://t.co/I3V5HnCz7C
— Nidhi Razdan (@Nidhi) October 31, 2026
जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत
मुख्यमंत्री की यह घोषणा उनके जीवन में नए दौर की शुरुआत के तौर पर देखी जा रही है. इंस्टाग्राम पर साझा की गई तस्वीर में उन्होंने निधि राजदान को टैग भी किया. पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों को शुभकामनाएं देने वालों का तांता लग गया.
तीन महीने पहले मिला था तलाक
यह घटनाक्रम उस फैसले के करीब तीन महीने बाद सामने आया है, जब सुप्रीम कोर्ट ने उमर अब्दुल्ला और उनकी अलग रह रही पत्नी पायल अब्दुल्ला के विवाह को समाप्त करने पर सहमति जताई थी. 31 जुलाई 2026 को हुई सुनवाई में दोनों पक्षों ने अदालत को बताया था कि वे आपसी समझौते के साथ अपने रिश्ते को खत्म करने और सभी लंबित विवादों को सुलझाने के लिए तैयार हैं.
सभी पुराने विवाद खत्म करने पर बनी सहमति
सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों ने यह भी स्पष्ट किया था कि वे एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेंगे. अदालत के समक्ष पेश जानकारी के अनुसार, दोनों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपने सभी कानूनी विवादों का निपटारा करने पर सहमति बनाई थी.
हाई कोर्ट के फैसले के बाद पहुंचा था मामला सुप्रीम कोर्ट
यह मामला तब शीर्ष अदालत तक पहुंचा, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी थी जिसमें उन्हें तलाक देने से इंकार किया गया था. बाद में दंपति ने संयुक्त रूप से संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत विवाह समाप्त करने की मांग वाली अर्जी दाखिल की थी.
ये भी पढ़ें-टेक्नोलॉजी के सहारे बदलेगा गांवों का विकास, 58 हजार पंचायतें मिलकर तैयार करेंगी विकसित यूपी का ब्लूप्रिंट
1994 में हुई थी मुलाकात
दंपति की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया था कि दोनों अपने मतभेद सुलझाने के लिए राजी हो गए हैं. उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की मुलाकात 1994 में दिल्ली के द ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी, जिसके बाद उन्होंने शादी की. उनके दो बेटे, जहीर और जमीर हैं. यह दंपति वर्ष 2009 से अलग रह रहा था, जबकि 2011 में उमर अब्दुल्ला ने सार्वजनिक रूप से अलगाव की जानकारी दी थी. सुप्रीम कोर्ट ने भी अपनी टिप्पणी में कहा था कि दोनों लंबे समय से अलग-अलग रह रहे थे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





