उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है. शनिवार को लखनऊ पहुंचे प्रधानमंत्री का प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया. पीएम मोदी यहां 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. इस कार्यक्रम में देशभर के कौशल विकास संस्थानों से जुड़े 52 प्रतिभाशाली युवाओं और प्रशिक्षकों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा.
भाजपा नेताओं ने PM मोदी के स्वागत में किए पोस्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तर प्रदेश पहुंचने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर उनका स्वागत किया. उन्होंने लिखा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है.
वहीं, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी प्रधानमंत्री के आगमन पर खुशी जाहिर की. उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि गौरवशाली विरासत और सांस्कृतिक विविधता से समृद्ध उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक स्वागत है.
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने भी प्रधानमंत्री के आगमन को प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और राष्ट्र के प्रति समर्पण से देश लगातार विकास और नई उपलब्धियों की ओर बढ़ रहा है. उनका मार्गदर्शन सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने भी पीएम मोदी का स्वागत किया. उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री का लखनऊ की धरती पर आगमन प्रदेश के लोगों के लिए गर्व और उत्साह का अवसर है.
क्या है 5वां कौशल दीक्षांत समारोह?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे. यह कार्यक्रम युवाओं को हुनरमंद बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है.
इस समारोह की शुरुआत शैक्षणिक सत्र 2021-22 में हुई थी. तब से यह हर साल कौशल विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं और प्रशिक्षकों को सम्मानित करने का राष्ट्रीय मंच बन चुका है. इसका मकसद सिर्फ प्रतिभाओं को पुरस्कार देना नहीं, बल्कि व्यावसायिक शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण को लेकर युवाओं में भरोसा और सम्मान की भावना पैदा करना भी है. इस आयोजन के जरिए उन युवाओं की मेहनत को पहचान मिलती है, जिन्होंने प्रशिक्षण के दौरान शानदार प्रदर्शन किया है और अपने हुनर के दम पर रोजगार की दुनिया में कदम रखने की तैयारी की है.
इस साल समारोह में देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (NSTI) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों (ITOT) से जुड़े कुल 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा.
इन सभी ने अपने-अपने प्रशिक्षण और कौशल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है. समारोह के दौरान उनकी मेहनत और प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




