Bharat Express DD Free Dish

ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी के बीच नाव के इंजन में लगी भीषण आग, 6 यात्रियों में मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बचे श्रद्धालु

Omkareshwar Boat Fire: ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में गोमुख घाट के सामने नाव नंबर 198 के इंजन में अचानक आग लग गई. नाव में 5 से 6 यात्री सवार थे.

Boat engine catches fire in the middle of the river.

नदी के बीच नाव के इंजन में लगी आग

Omkareshwar Boat Fire: तीर्थनगरी ओंकारेश्वर से इस समय एक बड़ी खबर सामने आ रही है. नर्मदा नदी में यात्रियों को लेकर जा रही लकड़ी की एक नाव के इंजन में अचानक जबरदस्त आग लग गई. यह हादसा गोमुख घाट के ठीक सामने ब्रह्मपुरी घाट वाले हिस्से में हुआ है. जानकारी के अनुसार जिस नाव में आग लगी उसका नंबर 198 है और उस पर करीब 5 से 6 लोग सवार थे. नाव नर्मदा में चल रही थी तभी अचानक उसके इंजन से धुएं के साथ आग की लपटें निकलने लगीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और नाव में बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई.

नाविक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

हालात बिगड़ते देख नाव चला रहे नाविक ने हिम्मत और समझदारी दिखाई. उसने तुरंत दूसरी नाव को पास में बुलाया और सभी यात्रियों को जल्दी से उसमें सुरक्षित पहुंचा दिया. इसके बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई. अगर समय रहते यात्रियों को दूसरी नाव में नहीं पहुंचाया जाता तो नर्मदा के बीचों-बीच यह घटना बहुत बड़ा हादसा बन सकती थी. अच्छी बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. समय पर की गई कार्रवाई से सभी की जान बच गई.

होंडा कंपनी का था पेट्रोल इंजन, नगर परिषद ने इंजन किया जब्त

बताया जा रहा है कि नाव में होंडा कंपनी का पेट्रोल से चलने वाला इंजन लगा हुआ था. घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद हरकत में आ गई और मामले को गंभीरता से लिया. सीएमओ मोनिका पारधी ने तुरंत नाव के इंजन को जब्त करवाकर उसकी जांच के आदेश दिए हैं. इसके साथ ही नगर परिषद के आरआई जितेंद्र गोहे भी इस पूरे मामले की पड़ताल कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें-सीएम मोहन यादव ने पीएम मोदी से की मुलाकात, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 का दिया न्योता; ‘प्रोजेक्ट चीता’ पर भी हुई चर्चा

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर चलती नाव के इंजन में आग लगी कैसे? क्या इंजन की समय-समय पर जांच और मेंटेनेंस किया जा रहा था? क्या नावों में आग बुझाने के साधन और इमरजेंसी के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम पूरे हैं? क्योंकि ओंकारेश्वर में पहले भी नावों में आग लगने के मामले सामने आ चुके हैं. ऐसे में नर्मदा में नाव से सफर करने वाले श्रद्धालुओं और टूरिस्टों की सुरक्षा के लिए प्रशासन को नावों के इंजन, ईंधन सिस्टम, लाइफ जैकेट और फायर सेफ्टी उपकरणों की गहराई से जांच करनी होगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read