Bharat Express DD Free Dish

‘गज़ब के मसखरे हैं महाराज आप…!’ सीट बंटवारे से लेकर PDA तक, ओपी राजभर ने अखिलेश पर जमकर कसे तंज

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए NDA के सीट बंटवारे और सपा के PDA फॉर्मूले पर सवाल उठाए. राजभर ने अखिलेश को पहले अपना गठबंधन और परिवार संभालने की सलाह दी और PDA की नई व्याख्या भी कर दी.

OP Rajbhar, Akhilesh Yadav

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर बोला तीखा हमला

OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की राजनीति में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) प्रमुख और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है! राजभर ने एक के बाद एक दो बैक-टू-बैक एक्स पोस्ट दागकर अखिलेश यादव और उनकी पूरी सपा ब्रिगेड पर ऐसा तगड़ा और तीखा तंज कसा है कि सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है.

एक तरफ जहां उन्होंने अखिलेश के PDA के नारे को ‘पीट देगा अशफाक’ गैंग करार देकर कुर्मी समाज पर हो रहे अत्याचारों का मुद्दा उठाया, तो दूसरी तरफ एनडीए में सीट बंटवारे पर दखल देने को लेकर अखिलेश को ‘महान मसखरा’ बताते हुए 10 तीखे सवालों की लिस्ट थमा दी है.

‘चार्टर प्लेन से उतरकर अपनी चिंता करो अखिलेश'(OP Rajbhar on Akhilesh Yadav)

अखिलेश यादव द्वारा एनडीए (NDA) के सीट शेयरिंग पर चुटकी लेने पर राजभर ने बेहद चटक अंदाज़ में पलटवार किया. राजभर ने लिखा कि “मित्र अखिलेश जी, वैसे तो आप चार्टर प्लेन में चलते हैं, लेकिन प्लेन में एयरहोस्टेस भी कहती है कि दूसरों की सुरक्षा से पहले अपनी सुरक्षा खुद करें.

अपना इंडी (INDI) अलायंस संभल नहीं रहा और आप दूसरों की सीटें बांट रहे हैं, गज़ब मसखरे हैं महाराज आप! हमें बीजेपी से कितनी सीटें मिलेंगी, वो हम तय कर लेंगे, आप अपनी पार्टी और परिवार बचाइए.

अपने गठबंधन बचाने की दी सलाह

राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने अखिलेश को 10-सूत्रीय ‘टेंशन लिस्ट’ थमाते हुए पूछा कि उन्हें हमारी नहीं बल्कि गठबंधन बचाने, कांग्रेस को मनाने, परिवार को जिताने, चाचा (शिवपाल) को संभालने, बागियों को रोकने, इमरान मसूद और ओवैसी को हैंडल करने की चिंता करनी चाहिए. राजभर ने सीधे हमला बोलते हुए कहा कि “ज़रा ये तो साफ़ कर दीजिए कि कांग्रेस को कितनी सीटें देंगे और कांग्रेस आपका छोटा भाई है या बड़ा भाई? आपके इस माइंड गेम से हमारा गेम नहीं बिगड़ने वाला!”

ये भी पढ़ें-जीवित जीतन राम मांझी को तेजस्वी ने दे दी श्रद्धांजलि, HUM अध्यक्ष बोले- नशा शराब में होती तो नाचती बोतल

PDA की दी नई परिभाषा

दूसरे पोस्ट में राजभर ने सपा के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे का नया फुलफॉर्म ‘पीट देगा अशफाक’ गैंग निकालकर अखिलेश पर बड़ा ज़बानी हमला बोला. राजभर ने आरोप लगाया कि जब से सपा ने आज़म ख़ान को गृहमंत्री बनाने का सपना देखना शुरू किया है, तब से सपा के गुंडे बेअंदाज़ होकर प्रदेशभर के गैर-यादव पिछड़ों, खासकर कुर्मी समाज के लोगों को निशाना बना रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read