Bharat Express DD Free Dish

ऑपरेशन ब्लू स्टार की 42वीं बरसी पर अमृतसर में तनाव, अकाल तख्त में लगे खालिस्तानी नारे

Operation Blue Star anniversary: अमृतसर में श्री हरिमंदिर साहिब स्थित श्री अकाल तख्त साहिब पर ऑपरेशन ब्लू स्टार की 42वीं बरसी मनाई गई. जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के संदेश के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और खालिस्तान समर्थक नारे लगे.

Operation Blue Star anniversary: अमृतसर में श्री हरिमंदिर साहिब स्थित श्री अकाल तख्त साहिब पर आज ऑपरेशन ब्लू स्टार की 42वीं बरसी मनाई गई. अखंड पाठ का भोग डाला गया और जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने संगत को संदेश दिया. उनके बयान के बाद माहौल में तनाव बढ़ गया.

खालिस्तान समर्थक नारे

जत्थेदार के संदेश के बाद खालिस्तान समर्थक नारे लगे. बड़ी संख्या में लोग तलवारें लहराते और पोस्टर लेकर श्री अकाल तख्त के नीचे इकट्ठा हुए. गड़गज्ज ने कहा कि पंजाब सिखों का घर है और इसे छोड़ना नहीं चाहिए. उन्होंने संगत से अपील की कि पंजाब की जमीन को न बेचें और बच्चों को हरिमंदिर साहिब लेकर आएं.

कानून पर जत्थेदार की आपत्ति

जत्थेदार ने जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम 2026 पर भी विचार रखे. उन्होंने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब और पंथ को कानूनी दायरे में लाने की कोशिशें हो रही हैं, जिससे संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है.

दल खालसा का बंद

गर्म ख्याली दल खालसा ने अमृतसर बंद की कॉल दी है. इसके चलते शहर में तनाव की आशंका है. पुलिस और अर्द्ध सैनिक बल की पांच कंपनियां तैनात हैं. हरिमंदिर साहिब के आसपास दो हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और तीन कंपनियां सुरक्षा में लगे हैं.

1984 की यादें

बरसी कार्यक्रम में जत्थेदार ने जून 1984 की घटनाओं का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने हरिमंदिर साहिब और अकाल तख्त पर कार्रवाई की थी, जिसमें ज्ञानी जरनैल सिंह भिंडरांवाले, भाई अमरीक सिंह और जनरल शबेग सिंह समेत कई लोग मारे गए. उन्होंने महिलाओं के बलिदान का भी जिक्र किया और कहा कि यह घटना सिख इतिहास की अहम घटनाओं में गिनी जाती है.

अपनों का हमला

जत्थेदार ने कहा कि पहले विदेशी ताकतें हमला करती थीं लेकिन इस घल्लूघारे में अपनों ने ही हमला किया. उन्होंने आरोप लगाया कि समय-समय पर सिख पहचान और परंपराओं को कमजोर करने की कोशिशें हुईं.

सिखों के खिलाफ नीतियां

गड़गज्ज ने कहा कि सिख बराबरी के अधिकार रखने वाले नागरिक हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पांच ककारों को खत्म करने जैसी नीतियां बनाई गईं और सिखों की अलग पहचान मिटाने का प्रयास किया गया. उन्होंने कहा कि सिख अपने गुरुओं और सिद्धांतों की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करेंगे.

वैश्विक सम्मान और चिंता

जत्थेदार ने कहा कि सिख समुदाय ने दुनिया भर में मेहनत, सेवा और सरबत दा भला की भावना से सम्मान पाया है. लेकिन हाल के समय में सिखों के खिलाफ नफरत का माहौल बनाने की कोशिशें हो रही हैं. उन्होंने संगत से एकजुट रहने और कौमी हितों की रक्षा के लिए सजग रहने का आह्वान किया.

पुलिस की चौकसी

हेरिटेज स्ट्रीट पर पुलिस सीसी कैमरों से निगरानी कर रही है. शहर के 65 से ज्यादा प्वाइंट्स पर नाकाबंदी की गई है. गोल्डन गेट, पठानकोट-अमृतसर मार्ग और तरनतारन-अमृतसर मार्ग पर चेकिंग हो रही है.

ये भी पढ़ें-जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच पार्टी’ का धरना तय, दिल्ली पुलिस ने परमिशन देकर बढ़ाई हलचल

यात्रियों की जांच

रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, दुर्ग्याणा मंदिर और एयरपोर्ट पर लगातार चेकिंग अभियान चल रहे हैं. यात्रियों के सामान की तलाशी ली जा रही है और उन्हें लावारिस वस्तुओं से सावधान किया जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read