Operation Sindoor Martyrs
Operation Sindoor Martyrs: पिछले वर्ष जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को करारा जवाब देने के लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया. इस सैन्य अभियान में भारतीय सेना ने आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर अपनी ताकत और आधुनिक युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया. हालांकि इस ऑपरेशन में देश के छह वीर जवान शहीद हो गए थे.
अब सरकार ने पहली बार इन छह शहीदों के नाम आधिकारिक रूप से सार्वजनिक किए हैं. उनके नाम नेशनल वॉर मेमोरियल के रोल ऑफ ऑनर और स्मारक की 3डी वॉल पर वर्ष 2025 के सेक्शन में दर्ज किए गए हैं.
रोल ऑफ ऑनर में 26,626 शहीद शामिल
नेशनल वॉर मेमोरियल के रोल ऑफ ऑनर में 1947 के भारत-पाक युद्ध से लेकर 2025 तक के ऑपरेशन सिंदूर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन हिफाजत-1 सहित कुल 26,626 शहीदों के नाम शामिल हैं. इन्हीं में ऑपरेशन सिंदूर में सर्वोच्च बलिदान देने वाले छह जवानों के नाम भी जोड़े गए हैं.
मई 2025 में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में मौजूद आतंकवादी ढांचे पर चार दिनों तक संयुक्त सैन्य कार्रवाई की थी. इस अभियान में सेना, वायुसेना और अन्य सुरक्षा बलों ने मिलकर हिस्सा लिया. ऑपरेशन का उद्देश्य सीमा पार से हो रहे आतंकवाद पर सख्त प्रहार करना और देश की सुरक्षा को मजबूत करना था.
शहीदों के नाम और उनके यूनिट
- सूबेदार मेजर पवन कुमार- मुख्यालय 10 इन्फैंट्री ब्रिगेड
- राइफलमैन सुनील कुमार, वीर चक्र- 4 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री
- लांस नायक दिनेश कुमार- 5 फील्ड रेजिमेंट
- एविएशन टेक्नीशियन मूड मुरलीनायक- 851 लाइट रेजिमेंट
- हवलदार सुनील कुमार सिंह- 237 फील्ड वर्कशॉप कंपनी
- सार्जेंट सुरेंद्र कुमार, वायु सेना पदक- 39 विंग
ऑपरेशन सिंदूर में क्या-क्या हुआ?
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई. इस घटना के बाद पूरे देश में गुस्सा था और भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का फैसला लिया. इसके बाद 7 मई 2025 की सुबह भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया. यह अभियान पारंपरिक युद्ध से अलग था. इसमें भारतीय सेना ने सीमा पार जाकर हमला करने के बजाय ड्रोन और सटीक मिसाइलों का इस्तेमाल किया.
ये भी पढ़ें: गोवा से 8 गुना छोटा, फिर भी पीएम मोदी के लिए क्यों अहम है सेशेल्स? जानिए 155 द्वीपों वाले देश की पूरा रणनीति
इस कार्रवाई में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में मौजूद आतंकवादियों के नौ बड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया. हमलों में कई आतंकी मारे गए, उनके ठिकाने नष्ट हुए और पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



