पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड है आतंकी हाशिम मूसा
Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के खूबसूरत पहलगाम इलाके में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला आतंकी हमला हुआ. बैसरन, जिसे ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ भी कहा जाता है, वहां कुछ आतंकवादियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया. इस भयावह हमले में 26 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं.
एक वायरल वीडियो में हमले की क्रूरता दिखाई गई है. वीडियो में देखा जा सकता है कि आतंकियों ने पर्यटकों को पहले घुटनों के बल बैठाया और सिर झुकवाया. इसके बाद उन्होंने गोलियां बरसा दीं. वीडियो में चीख-पुकार की आवाजें सुनी जा सकती हैं. हालांकि, वीडियो की संवेदनशीलता को देखते हुए उसे साझा नहीं किया जा रहा है.
सुरक्षाबलों का बड़ा सर्च ऑपरेशन जारी
हमले के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट है. सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. आतंकियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों की तलाशी ली जा रही है. जंगलों में हेलीकॉप्टर से मैपिंग की जा रही है. सेना ने इस ऑपरेशन को ‘सबसे बड़ी कार्रवाई’ बताया है.
भारत ने दिखाया सख्त रुख, पाकिस्तान को चेतावनी
हमले के बाद भारत में गुस्से का माहौल है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी. पाकिस्तान को लेकर भी भारत का रुख सख्त हो गया है. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बयान में कहा कि अगर भारत ने कार्रवाई की तो पाकिस्तान जवाब देगा. उन्होंने कहा, “पाकिस्तान अल्लाह का देश है, और वही हमें बचाएंगे.”
दुनियाभर से निंदा, भारत के साथ खड़े हैं कई देश
इस हमले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी निंदा हो रही है. यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इसे ‘घिनौना’ बताया और कहा कि यूरोप भारत के साथ है. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने इस हमले को ‘विनाशकारी’ करार दिया. फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों और इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भी भारत को समर्थन दिया है.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस हमले को ‘नागरिकों पर अस्वीकार्य हमला’ बताया. उनके प्रवक्ता ने कहा कि महासचिव इस हिंसा से बेहद आहत हैं.
पाकिस्तान को कड़े फैसलों से झटका
भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं. पाकिस्तान के नागरिकों को दी गई सार्क वीजा छूट रद्द कर दी गई है. भारत में मौजूद पाकिस्तानी दूतावास को बंद करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. इसके साथ ही पाकिस्तानी राजनयिकों को 48 घंटे में देश छोड़ने का आदेश दिया गया है. अटारी बॉर्डर भी बंद किया जा रहा है, जिससे दोनों देशों के बीच जमीनी संपर्क भी समाप्त हो जाएगा.
भारत ने यह साफ कर दिया है कि अब वह आतंकवाद के खिलाफ किसी भी हद तक जा सकता है. इस हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है, लेकिन साथ ही भारत एकजुट होकर आतंक के खिलाफ खड़ा हो गया है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट ने स्विगी और जेप्टो को भेजा नोटिस, जानें क्या लगा आरोप?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



