Bharat Express DD Free Dish

 पाकिस्तान अपनी आर्थिक बदहाली को छिपा नहीं पाएगा: राजीव रंजन

पाकिस्तान की आर्थिक हालत बदतर, बयानबाजी से सच नहीं छिपेगा. भारत ने ट्रेलर दिखाया, पूरी फिल्म बाकी. नीतीश के नेतृत्व में एनडीए बिहार में 225 सीटें जीतेगा: राजीव रंजन

Pakistan Economy
Pakistan Economy: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के भारत द्वारा पानी रोकने के लिए ढांचा बनाने पर उसे ध्वस्त करने के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की कोई हैसियत नहीं बची है. केवल बड़बोले बयानों से वह अपनी आर्थिक बदहाली को दुनिया से छिपा नहीं सकता.

आईएएनएस से बातचीत में राजीव रंजन ने कहा कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था (Pakistan Economy) पूरी तरह चरमरा चुकी है, महंगाई बेकाबू है. पाकिस्तानी सेना और आईएसआई बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और सिंध में अपनी प्रासंगिकता साबित करने में नाकाम रही हैं. ऐसे में बड़ी-बड़ी बातें करना बेमानी है. भारत ने अभी सिर्फ ट्रेलर दिखाया है, पूरी फिल्म अभी बाकी है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी रक्षा मंत्री खुद स्वीकार चुके हैं कि उनकी धरती आतंकवादियों के लिए इस्तेमाल होती रही है, जिससे पाकिस्तान दुनिया के सामने बेनकाब हो चुका है. आने वाला समय पाकिस्तान के लिए और मुश्किलें लाएगा.

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने कहा था कि यदि भारत सिंधु जल संधि का उल्लंघन कर पानी रोकने या बांध बनाने की कोशिश करता है, तो इसे पाकिस्तान के खिलाफ हमला माना जाएगा और ऐसे किसी ढांचे को ध्वस्त कर दिया जाएगा.

उधर, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव द्वारा जातीय जनगणना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखे जाने पर भी राजीव रंजन ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बिहार के हर जिले में जदयू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संकल्प और पीएम मोदी के ऐतिहासिक फैसले के तहत जातीय सर्वे और राष्ट्रीय स्तर पर जातीय जनगणना की जानकारी दी है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस 58 साल सत्ता में रही, फिर जातीय जनगणना क्यों नहीं कराई? राजद 1990 से 2005 तक बिहार में सत्ता में थी, तब उन्होंने क्यों नहीं जातीय सर्वे कराया? 2011 में कांग्रेस ने एसीसी के आंकड़े भी सार्वजनिक नहीं किए. चिदंबरम जैसे लोग इसके खिलाफ थे. जिनके खुद के दामन दागदार हैं, वे दूसरों को क्या नसीहत देंगे?”

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बिहार के सीमांचल दौरे पर राजीव रंजन ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की स्थिति इतनी मजबूत है कि पहले 10 स्थानों में 9 पर वह अकेले काबिज है. उन्होंने कहा, “10वां स्थान कौन लेगा, यह देखना दिलचस्प होगा. तेजस्वी यादव और नए खिलाड़ियों को कोशिश करने दें. यह मुकाबला एकतरफा है. नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम सरकार बनाएंगे और 225 सीटें जीतेंगे.”

ये भी पढ़ें: दिल्ली की अदालत ने BJP सांसद योगेंद्र चंदोलिया के खिलाफ आरोप किए तय, जानिए क्या है मामला?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read