Musadik Masood Malik In SCO Delhi: राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित पहले एससीओ सिविलिजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने एक बार फिर पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को पनाह देने और आतंकी नेटवर्कों के खिलाफ ठोस कार्रवाई न करने से जुड़े सीधे सवालों को टाल दिया. हालांकि, इस दौरान उन्होंने यह जरूर स्वीकार किया कि भारत ने पाकिस्तान से उपजे कई आतंकी हमलों का सामना किया है.
जब उनसे पूछा गया कि पाकिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया जा रहा है, तो मलिक ने यह कहकर जवाबदेही से बचने की कोशिश की कि एससीओ के बहुपक्षीय मंच को केवल द्विपक्षीय मुद्दे तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए और उन्होंने इसका दोष व्यापक क्षेत्रीय अस्थिरता पर मढ़ दिया.
सबूतों के तंत्र की आड़ और ‘उंगली न उठाने’ की बात (Musadik Masood Malik On Terrorism)
मलिक ने कहा कि वे एक बहुपक्षीय मंच पर आए हैं और चाहते हैं कि चर्चा व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़े, क्योंकि चुनौतियां केवल दो देशों तक सीमित नहीं हैं बल्कि ईरान, मध्य एशिया और अफगानिस्तान जैसे पड़ोसी क्षेत्रों में भी उभरी हैं. पाकिस्तानी धरती पर आतंकी ठिकानों की जिम्मेदारी लेने से बचते हुए उन्होंने खुद को भी पीड़ित दिखाने का प्रयास किया और कार्रवाई को टालने के लिए एक पारदर्शी ‘सबूत तंत्र’ बनाने की मांग दोहराई.
भारत द्वारा झेली गई हिंसा को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवाद के संदर्भ में पाकिस्तान ने भी बहुत कुछ सहा है और भारत ने भी ऐसी कई घटनाओं का अनुभव किया है. सीमा पार आतंकवाद के मुद्दे से कन्नी काटते हुए मलिक ने एक-दूसरे पर उंगली उठाने से बचने और पूरे क्षेत्र की समस्याओं पर बात करने पर जोर दिया.
‘रचनात्मक भूमिका’ का किया दावा (Pakistan Minister Musadik Masood Malik Statements)
एससीओ सिविलिजेशनल डायलॉग फोरम के बाद आयोजित गाला डिनर में जब उनसे सीमा पार आतंकवाद पर दोबारा सवाल पूछा गया, तो मलिक ने फिर विषय बदलते हुए अपना रुख ‘आपसी समझ’ और दृष्टिकोण व्यापक बनाने की ओर मोड़ दिया. इसके अतिरिक्त, अपने ट्रैक रिकॉर्ड के बावजूद इस्लामाबाद की सकारात्मक छवि पेश करने की कोशिश करते हुए उन्होंने दावा किया कि क्षेत्रीय अस्थिरता के दौर में पाकिस्तान हमेशा एक महत्वपूर्ण और ‘रचनात्मक भूमिका’ निभाने का प्रयास करता है.
आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो-टॉलरेंस नीति
मलिक की यह टालमटोल सीमा पार और राज्य-प्रायोजित आतंकवाद सहित हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त जीरो-टॉलरेंस नीति के बिल्कुल विपरीत है. आतंकी नेटवर्कों, वित्तपोषण और सुरक्षित ठिकानों का मुकाबला करने के लिए प्रत्यक्ष सुरक्षा कार्रवाइयों के साथ बहुपक्षीय कूटनीति को जोड़ते हुए, भारत ने पिछले 12 वर्षों में अपनी आतंकवाद-रोधी व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया है.
मजबूत कानूनी ढांचे, संस्थागत सुधारों और केंद्रीय व राज्य एजेंसियों के बीच खुफिया एकीकरण ने भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ किया है, जिससे आतंकी घटनाओं और जनहानि में कमी आई है.
ये भी पढ़ें: बयानवीर राहुल गांधी! विदेश धरती, 10 साल, 18 बयान और हर बार सियासी बवाल; देखें पूरी लिस्ट
साथ ही, भारत सरकार ने उच्च-स्तरीय यात्राओं तथा 31 देशों और छह बहुपक्षीय समूहों के साथ स्थापित आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्य समूहों (जेडब्ल्यूजी) के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पाकिस्तान से होने वाले सीमा पार आतंकवाद के प्रति लगातार संवेदनशील बनाया है, जिसके परिणामस्वरूप कई देशों ने पाकिस्तान से अपनी धरती का उपयोग आतंकवाद के लिए न होने देने का आह्वान किया है.
लंबे समय बाद पहली भारत यात्रा
गौरतलब है कि मुसादिक मसूद मलिक दिन में पहले नई दिल्ली पहुंचे थे, जो पिछले तीन वर्षों में किसी पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा है. हवाई अड्डे पर भारत में पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी साद वड़ैच ने उनका स्वागत किया. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मलिक सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी समझ को बढ़ावा देने के लिए भारत द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फोरम के विषयगत सत्रों में भाग लेंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



