Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

पालघर: फार्मा कंपनी में गैस रिसाव, 4 मजदूरों की मौत, 2 गंभीर

पालघर के बोईसर तारापुर में मेडली फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के प्लांट में गुरुवार को गैस रिसाव हुआ, जिससे चार मजदूरों की मौत हो गई और दो की हालत गंभीर है. हादसा दोपहर 2:30-3:00 बजे के बीच नाइट्रोजन रिएक्शन टैंक में हुआ.

महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोईसर तारापुर एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित मेडली फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड कंपनी में गुरुवार को बड़ी दुर्घटना हो गई. कंपनी के प्लांट नंबर एफ-13 में गैस रिसाव हो गया, जिसकी चपेट में आने से 4 मजदूरों की मौत हो गई और दो की हालत गंभीर है. मेडली फार्मा कंपनी में यह हादसा दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुआ, जब मौजूद नाइट्रोजन रिएक्शन टैंक में गैस रिसाव हो गया. कंपनी में अचानक हुए गैस रिसाव से हड़कंप मच गया और यहां काम करने वाले कर्मचारी बाहर की ओर भागने लगे. 6 मजदूर गैस की चपेट में आ गए, जिससे वे बेहोश हो गए.

घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए बोईसर के शिंदे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चार मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है. डॉक्टरों का कहना है कि इस दुर्घटना में दम घुटने से चार मजदूरों की जान चली गई. मृतकों में कल्पेश राउत, बंगाली ठाकुर, धीरज प्रजापति और कमलेश यादव शामिल हैं, जबकि रोहन शिंदे और निलेश हाडल गंभीर रूप से घायल हैं.

फायर फाइटिंग टीम ने रिसाव को किया काबू

बताया जा रहा है कि इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. हालांकि, कंपनी की फायर फाइटिंग टीम ने गैस रिसाव को काबू में कर लिया है. इससे पहले कर्नाटक के मंगलुरु जिले के सूरतकल में स्थित मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) में जहरीली गैस के रिसाव से 2 कर्मचारियों की मौत हो गई थी. यह हादसा एमआरपीएल के ऑयल मूवमेंट सेक्शन (ओएमएस) में हुआ था.

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के दीप चंद्र भारती और केरल के बिजली प्रसाद के रूप में हुई थी. यह घटना ओएमएस डिवीजन के टैंक (एफआईबीआई7029) में खराबी की जांच के दौरान हुई थी और दीप चंद्र एवं बिजली प्रसाद टैंक के ऊपरी हिस्से पर निरीक्षण के लिए गए थे. इसी दौरान हादसा हो गया था.


ये भी पढ़े: आवारा कुत्तों से संबंधित मामले में दायर नई याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने जल्द सुनवाई से किया इनकार


भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital