UP BJP New President: उत्तर प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष की अटकलों पर विराम लगता हुआ दिखा रहा है. बीजेपी नेता पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) ने लखनऊ पहुंचकर अध्यक्ष पद के लिए नामंकान दाखिल कर दिया है. ऐसा बताया जा रहा है कि उनके बाद किसी और ने नामंकान दाखिल नहीं किया है. इसलिए अनौपचारिक तौर पर पंकज चौधरी को यूपी बीजेपी का नया अध्यक्ष माना जा रहा है. औपचारिक घोषणा कल (14 दिसंबर) हो सकती है.
सीएम योगी बने प्रस्तावक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंकज चौधरी के लिए प्रस्तावक की भूमिका निभाई है. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी प्रस्तावक बने. इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव विनोद तावड़े, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, यूपी सरकार में मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, सुरेश खन्ना और बेबी रानी मौर्य भी मौजूद रहे.
कौन हैं पंकज चौधरी ?
पंकच चौधरी वर्तमान में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कुर्मी समुदाय से आने वाले चौधरी उत्तर प्रदेश में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं. पंकज चौधरी यूपी की महाराजगंज लोकसभा सीट से 1991 से अब तक सात बार चुनाव जीत चुके हैं. इस सीट से उन्होंने केवल 1999 और 2009 का चुनाव ही हारा है. कुर्मी जाति से आने वाले चौधरी का प्रभाव केवल महाराजगंज ही नहीं बल्कि पड़ोसी सिद्धार्थनगर और उसके पड़ोसी जिलों के साथ-साथ नेपाल में भी है.
ऐसे में उन्हें यूपी के बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए चुना जाना 2027 के चुनाव को देखते हुए भाजपा के लिए एक मास्टरस्ट्रोक के रूप में देखा जा रहा है. पंकज चौधरी को संगठन और शासन का लंबा अनुभव है.
पूर्वांचल क्षेत्र में मजबूत प्रभाव
उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र और ओबीसी समाज में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है, इसी कारण संगठनात्मक स्तर पर भी उन्हें अहम माना जाता है. समय-समय पर उनका नाम उत्तर प्रदेश बीजेपी में बड़े दायित्वों को लेकर चर्चाओं में आता रहा है. बीजेपी के भीतर भी उनका प्रभाव लगातार बढ़ रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




