Bharat Express DD Free Dish

Uttar Pradesh: यूपी पुलिस ने मथुरा में घेरा ‘मिनी जामताड़ा’, सबसे बड़े सर्च ऑपरेशन से 4 गांवों में छिपे अपराधियों में मच गई खलबली

UP Police ने मथुरा के गोवर्धन में ‘मिनी जामताड़ा’ कहे जाने वाले इलाके में अपराधियों की धरपकड़ के लिए बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया. 300 जवानों ने चार गांव घेरे, 42 संदिग्ध पकड़े. भारी मात्रा में उनसे आधार कार्ड और मोबाइल जब्त किए गए.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

UP Police Search Operation: उत्तर प्रदेश में मथुरा जनपद के गोवर्धन तहसील के गांवों में पुलिस (UP Police) ने साइबर क्राइम के खिलाफ सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया. यहां के चार गांवों को ‘मिनी जामताड़ा’ कहा जाता है, जहां साइबर ठगी का धंधा जोरों पर था. एसएसपी के निर्देश पर एसपीआरए और एसपीक्राइम की टीमों ने 300 जवानों के साथ गांवों को घेर लिया. इस कार्रवाई से अपराधियों में खलबली मच गई.

ऑपरेशन के दौरान देवसरस, मुडसेरस, दौलतपुर और नगला कटिया नामक चारों गांवों में नाकाबंदी की गई. पुलिस (UP Police) ने घर-घर तलाशी ली. नतीजा यह हुआ कि 42 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया. इनमें से 8 लोग पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे. पुलिस को आधार कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई. देवसरस गांव को ‘साइबर विलेज’ का नाम दिया गया है, जो झारखंड के कुख्यात जामताड़ा की याद दिलाता है.

अपराधियों पर शिकंजा, हिरासत और पूछताछ जारी

पुलिस (UP Police) की टीमें सुबह-सुबह भारी संख्या में गांवों में पहुंचीं. चार सीओ के नेतृत्व में यह अभियान चला. जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू की, कई अपराधी भागने की कोशिश करने लगे. लेकिन नाकाबंदी के कारण वे फरार नहीं हो सके. एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया कि सभी हिरासत में लिए गए लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है. अगर कोई दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.

साइबर क्राइम को रोकने की दिशा में यह बड़ा कदम

यह ऑपरेशन साइबर क्राइम को रोकने की दिशा में बड़ा कदम है. मथुरा पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे. स्थानीय लोगों ने पुलिस की तारीफ की और कहा कि इससे इलाके में सुरक्षा बढ़ेगी. तस्वीरों में पुलिस जवानों को गांवों में तलाशी लेते और संदिग्धों को पकड़ते दिखाया गया है, जो कार्रवाई की गंभीरता बयां करता है. इस सर्च ऑपरेशन से साफ है कि मथुरा पुलिस अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है. बरामद सामग्री से साइबर फ्रॉड के कई नेटवर्क का पता चल सकता है. एसएसपी ने कहा कि गांवों को साइबर क्राइम फ्री बनाने के लिए और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे.

ये भी पढ़ें: ‘नीले ड्रम वाली मुस्कान’ का खौफ! जान बचाने के लिए पति ने पत्नी को प्रेमी संग जाने दिया, मेरठ में हाई-वोल्टेज ड्रामा

Also Follow Bharat Express on Youtube

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read