Bharat Express DD Free Dish

Parliamen Monsoon Session: विपक्ष ने की इन मुद्दों पर चर्चा की मांग, सत्तापक्ष के नेता तैयार

संसद का मानसून सत्र सोमवार (21 जुलाई) से शुरू हो चुका है. यह सत्र 21 अगस्त तक चलेगा. सत्र में हिस्सा लेने वाले विभिन्न दलों के सांसदों ने विभिन्न मुद्दे उठाए.

Parliamemt Monsoon Session

Parliamen Monsoon Session: संसद का मानसून सत्र सोमवार (21 जुलाई) से शुरू हो चुका है. यह सत्र 21 अगस्त तक चलेगा. सत्र में हिस्सा लेने वाले विभिन्न दलों के सांसदों ने आईएएनएस से बातचीत में विभिन्न मुद्दे उठाए. विपक्ष के सांसदों ने जहां पहलगाम अटैक और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग की, तो वहीं सत्तापक्ष के सांसदों ने कहा कि हम हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं. लेकिन, बहस सार्थक होनी चाहिए.

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद सैयद नसीर हुसैन ने कहा, “हमने लोकसभा और राज्यसभा में नियमों के तहत नोटिस दिए हैं. पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर, सीजफायर, बिहार में मतदाता सूची, जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा और मणिपुर हिंसा जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए.”

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने विपक्ष को जवाब देते हुए कहा, “केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने स्पष्ट कहा है कि विपक्ष नियमों के तहत चर्चा की मांग करे, सरकार तैयार है. ऑपरेशन सिंदूर पर खुलकर बहस करें, भागें नहीं.” भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने सत्र को विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा, “यह सत्र अच्छे विधेयकों के लिए याद किया जाएगा. विपक्ष केवल आरोप लगाता है, लेकिन बहस के लिए तैयार नहीं.”

उन्होंने विपक्ष की रणनीति को “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” जैसा करार दिया. सत्र के पहले दिन से ही विपक्षी सांसदों की नारेबाजी और हंगामे के कारण लोकसभा को कई बार स्थगित करना पड़ा. सरकार ने 17 विधेयकों को पेश करने की योजना बनाई है.

हमारी सरकार सभी मामलों पर गहन चर्चा के लिए तैयार है: BJP

भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा, “भारत पूरी दुनिया का सिरमौर बना हुआ है. पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हम न केवल पाकिस्तान के खिलाफ, बल्कि तुर्की और चीन के खिलाफ भी लड़ रहे थे. हमारे सैनिकों ने अदम्य साहस दिखाया है और यह उसका जश्न मनाने का समय है. संसद के संबंध में, हमारी सरकार सभी मामलों पर गहन चर्चा के लिए तैयार है. विपक्ष की भूमिका अभी ठीक नहीं है.”

समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी नाकामियों का ठीकरा समाजवादियों पर फोड़ रहे हैं. उन्होंने कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा, “95 फीसद लोग पीडीए से हैं, सभी मूलतः समाजवादी हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखना मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी है.”

SIR के नाम पर गरीबों को परेशान किया जा रहा है

कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने बिहार में बढ़ते अपराध और मतदाता सूची पुनरीक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और कहा, “जनता ने हमें अपनी आवाज बनने के लिए चुना है. बिहार में अपराध चरम पर है और मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर गरीबों को परेशान किया जा रहा है.”

उन्होंने चुनाव आयोग से सवाल किया कि 95 फीसद फॉर्म भरने के बाद यह स्पष्ट हो कि कितने लोग नेपाल या बांग्लादेश से हैं. अगर किसी का नाम गलत तरीके से काटा गया, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी.

यूपी में पुलिस किसानों को पीट रही है

संभल से सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने मुस्लिम समुदाय की परेशानियों का मुद्दा उठाया और कहा, “मुस्लिम धर्म किसी को आतंकवादी नहीं कहता, न ही किसी धर्म को बदनाम करता है. योगी जी की यह गलतफहमी है. सरकार बेवजह मुद्दों को तूल देकर राजनीति कर रही है.”

समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने कहा, “उत्तर प्रदेश के हालात देखें तो खाद के लिए किसानों की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं और पुलिस उन्हें पीट रही है. बिजली की स्थिति इतनी खराब है कि कई इलाकों में कई-कई दिनों तक बिजली नहीं आती. समाजवादी पार्टी पूरे सत्र में मुखर रहेगी और इन सभी मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाएगी.”


ये भी पढ़ें: Explainer: प्रशांत किशोर बिहार के किस CD Ratio की बात कर रहे हैं, बिहार का कितना है?…समझिए 26 लाख करोड़ का पूरा गणित


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read