Barh Child Theft: बाढ़/रविशंकर शर्मा: बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहाँ एक कलयुगी मां ने अपने ही दो महीने के मासूम बच्चे की बोली लगा दी. ममता के इस सौदे का खुलासा तब हुआ जब एक सतर्क पुजारी की नजर महिला की संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मासूम की जान बचा ली गई है.
50 हजार से 25 हजार तक गिरी कीमत
घटना बाढ़ के बाल शनि धाम मंदिर (Barh Bal Shani Dham) स्थित सीढ़ी घाट की है. आरोपी महिला, जिसकी पहचान भगवतीपुर करमौर निवासी के रूप में हुई है, पिछले कुछ महीनों से यहाँ के एक आश्रय स्थल में रह रही थी. बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते वह घर छोड़कर अपने दो महीने के बच्चे के साथ भटक रही थी. महिला ने बच्चे को बेचने के लिए पहले 50,000 रुपये की मांग की थी. सौदा पूरा न होने पर वह 25,000 रुपये में भी बच्चे को बेचने के लिए तैयार हो गई थी.
पुजारी की सूझबूझ से बची मासूम की जान (Woman Selling Child In Barh)
शनि धाम मंदिर के पुजारी शिवजी मुनि ने बताया कि जब महिला मंदिर परिसर के पास बच्चे को लेकर सौदा कर रही थी, तब उसकी बातें सुनकर उन्हें अनहोनी का अंदेशा हुआ. पुजारी ने बिना देर किए तुरंत पुलिस को फोन कर दिया. पुजारी की इस सतर्कता ने एक मासूम को मानव तस्करों या गलत हाथों में जाने से बचा लिया.
ये भी पढ़ें: अंबिकापुर मर्डर मिस्ट्री, ₹35 हजार का इनामी दरिंदा गिरफ्तार, शक की आग में दी थी खौफनाक मौत
पुलिस जांच: क्या बच्चा चोरी का है?
सूचना मिलते ही बाढ़ पुलिस मौके पर पहुँची और घेराबंदी कर महिला को हिरासत में ले लिया. पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह बच्चा वास्तव में उसी महिला का है या उसने इसे कहीं से चोरी किया है. महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस महिला के पारिवारिक पृष्ठभूमि और उसके द्वारा दिए गए बयानों का सत्यापन कर रही है. बच्चे को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर संरक्षण में रखा गया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



