Bharat Express DD Free Dish

नीरज कुमार vs अनंत सिंह? पटना स्नातक सीट पर फंसा पेंच, MLC चुनाव से पहले JDU के सामने आई बड़ी चुनौती

Bihar MLC Election 2026: पटना स्नातक सीट से मौजूदा एमएलसी और जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार को एक बार फिर उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना सबसे अधिक बताई जा रही है. इस सीट पर मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है.

patna-graduate-seat-neeraj-kumar-vs-anant-singh-jdu-mlc-election-bihar

MLC चुनाव से पहले JDU के सामने आई बड़ी चुनौती

Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक कोटे की सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी के भीतर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर लगातार चर्चा चल रही है. सूत्रों के मुताबिक, कुछ सीटों पर उम्मीदवारों के नाम लगभग तय हो चुके हैं, हालांकि पार्टी नेतृत्व की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

पटना स्नातक सीट से मौजूदा एमएलसी और जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार को एक बार फिर उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना सबसे अधिक बताई जा रही है. हालांकि इस सीट पर पार्टी के लिए अंदरूनी चुनौती भी सामने आती दिख रही है. मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोलते हुए संभावित उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन का संकेत दिया है. पार्टी नेतृत्व ने दोनों नेताओं के बीच मतभेद दूर करने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया है. ऐसे में यदि अनुज सिंह निर्दलीय मैदान में उतरते हैं तो अनंत सिंह की भूमिका पर सभी की नजर रहेगी.

अभिषेक झा तिरहुत से उम्मीदवार

वहीं तिरहुत स्नातक सीट से अभिषेक झा का नाम भी लगभग तय माना जा रहा है. दिलचस्प बात यह है कि अभिषेक झा काफी पहले ही खुद को इस सीट से जदयू का संभावित उम्मीदवार बता चुके हैं और क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान भी शुरू कर चुके हैं. हालांकि पार्टी की औपचारिक मुहर लगना अभी बाकी है.

दिलीप चौधरी दरभंगा सीट के संभावित उम्मीदवार

दरभंगा शिक्षक सीट पर भी उम्मीदवार को लेकर चर्चा जारी है. पार्टी के भीतर पूर्व एमएलसी दिलीप चौधरी का नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, वह पहले दरभंगा स्नातक सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में थे, लेकिन वहां एनडीए की ओर से भाजपा समर्थित मौजूदा एमएलसी सर्वेश कुमार की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है. ऐसे में जदयू नेतृत्व ने उन्हें शिक्षक सीट से चुनाव लड़ने का सुझाव दिया है.

सारण से आनंद पुष्कर की दावेदारी

उधर, सारण शिक्षक सीट से आनंद पुष्कर का नाम चर्चा में है. वह दिवंगत शिक्षक नेता और पूर्व एमएलसी केदार पांडेय के पुत्र हैं. वर्ष 2023 के उपचुनाव में आनंद पुष्कर को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन अब वे जदयू के टिकट पर अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं.

ये भी पढ़ें- कब भारत में सलाखों के पीछे होगा भगोड़ा जाकिर नाइक? 2016 से मलेशिया में रह रहा, जानें वहां के PM ने क्या कहा

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त हो रहा है, जिसके चलते चुनावी प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है. एनडीए के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर भी चर्चा जारी है. माना जा रहा है कि जदयू चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है, जबकि शेष सीटें भाजपा और अन्य सहयोगी दलों के हिस्से में जा सकती हैं. राजनीतिक हलकों में अब सभी की नजर जदयू की आधिकारिक उम्मीदवार सूची पर टिकी हुई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read