Bharat Express DD Free Dish

युवक की मौत पर भड़क उठा पटना! पुलिस पर पथराव, 10 वाहन फूंके; कैसे बेकाबू हो गई भीड़?

Patna Zero Mile Violent Protest: बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं में एक 26 वर्षीय युवक की तेज रफ्तार बस से कुचलकर मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने बस, पुलिस की गाड़ियों समेत 10 वाहनों को आग के हवाले कर दिया और NH-30 जाम कर दिया.

Patna violence

Patna Zero Mile Violent Protest: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे के बाद ऐसा खौफनाक बवाल मचा कि पूरा इलाका जंग के मैदान में तब्दील हो गया. अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल (बड़ी पहाड़ी) के पास नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पार कर रहे 26 वर्षीय युवक मनीष उर्फ उपेंद्र को एक तेज रफ्तार यात्री बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस दर्दनाक मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आग-बबूला हो गए और देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक रूप ले बैठा.

पुलिस की 2 गाड़ियों समेत 10 वाहन फूंके (Patna Violence After Accident)

गुस्साई भीड़ ने सबसे पहले उस बस को आग के हवाले कर दिया, जिससे एक्सीडेंट हुआ था (ड्राइवर मौके से फरार हो गया). आग बुझाने के लिए जब फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची, तो बेकाबू भीड़ ने उन्हें भी खदेड़ दिया और उन्हें अपना वाहन छोड़कर भागना पड़ा.

ये भी पढ़ें: CJP वालों सीख लो! क्या हैं JPSC आंदोलन के 4 ‘कोड ऑफ कंडक्ट’? जमकर हो रही तारीफ

मामला तब और बिगड़ गया जब पुलिस मौके पर पहुंची. उग्र लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया और उनके 2 पुलिस वाहनों को आग लगा दी. प्रदर्शनकारियों ने जीरो माइल स्थित ट्रैफिक पुलिस पोस्ट को भी फूंक दिया. कुल मिलाकर 10 वाहनों (बस, बाइक, पुलिस वाहन) में आगजनी की गई.

NH-30 पर लगा लंबा जाम (Patna Violence Update)

आक्रोशित भीड़ ने न सिर्फ इलाके के सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, बल्कि वहां कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों के साथ भी मारपीट की. नेशनल हाईवे-30 को पूरी तरह से जाम कर दिया गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. स्थानीय लोगों की मांग है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और हादसों को रोकने के लिए इलाके में एक अंडरपास बनाया जाए.

ये भी पढ़ें: अरे..अरे..! उमर अब्दुल्ला को क्या हुआ? अचानक मिलाने लगे RSS के सुर में सुर

9 थानों की पुलिस तैनात (Patna Violence Breaking News)

हालात बेकाबू होते देख स्थिति को संभालने के लिए 9 थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया. एएसपी राज किशोर सिंह ने बताया कि भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद अब स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आ गई है. फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि उपद्रव, तोड़फोड़ और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा सके. पूरे इलाके में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read