Pilibhit brain dead woman revived: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर आप भी दांतों तले उंगलियां दबा लेंगे. दरअसल गोकुलपुरम कॉलोनी की रहने वाली विनीता शुक्ला को डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया था. परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, लेकिन एम्बुलेंस में रास्ते के गड्ढे से लगे एक झटके ने उनकी सांसे वापिस लौटा दी. जिसके बाद 14 दिन के इलाज पूरा करने पर विनीता पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट आई हैं. इस घटना को लेकर लोगों का तंजनुमा कहना है कि यह पहली बार है जो किसी सड़क के गड्डे ने किसी की जान बचाई हो, वरना सड़क का गड्डा हमेशा से लोगों की जान ही लेता रहा है.
कैसे हुई घटना?
दरअसल 22 फरवरी को विनीता अचानक घर में बेहोश होकर गिर पड़ीं थीं. परिजनों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहां दो दिनों तक उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया. डॉक्टरों के मुताबिक उनके शरीर में कोई हरकत नहीं थी, आंखों की पुतलियां फैल चुकी थीं और हालत ब्रेन डेड जैसी हो गई थी. डॉक्टरों ने परिवार को साफ कह दिया कि वेंटिलेटर हटाते ही उनकी मौत हो सकती है.
जिसके बाद भारी मन से परिवार ने उन्हें घर ले जाने का फैसला किया. 24 फरवरी को जब एम्बुलेंस में उन्हें घर लाया जा रहा था. घर का माहौल मातम में डूबा था. अंतिम संस्कार के लिए लकड़ियां और अन्य सामान का इंतजाम हो चुका था. रिश्तेदार और पड़ोसी अंतिम विदाई के लिए दरवाजे पर जमा थे. लेकिन घर जाते समय सड़क के गड्डे ने ऐसा चमत्कार कर दिया कि महिला की सांसे लौट आईं.
गड्ढे से लगा झटका और लौट आई सांसें
डॉक्टर के ब्रेन डेड घोषित करने पर घर लाते वक्त रास्ते में अचानक एम्बुलेंस को गड्ढे से तेज झटका लगा. इस झटके से विनीता के शरीर में हलचल हुई. परिजनों ने गौर किया तो महिला को होश आने लगा. चमत्कार देख परिवार उन्हें श्मशान ले जाने के बजाय तुरंत पीलीभीत के डॉक्टर राकेश न्यूरो सिटी हॉस्पिटल ले गए. वहां 14 दिनों तक गहन उपचार चला. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत में जादुई सुधार हुआ. अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और घर लौट आई हैं.
परिवार और इलाके में खुशी की लहर
परिजनों ने इसे ईश्वरीय चमत्कार बताया है. इलाके में यह घटना तेजी से चर्चा में है. लोग कह रहे हैं कि गड्ढे में लगा झटका उनकी जिंदगी वापस लौटा आया. विनीता के परिवार ने डॉक्टरों और परमेश्वर का शुक्रिया अदा किया है. वहीं यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि जीवन कितना अनिश्चित और चमत्कारिक हो सकता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



