Bharat Express DD Free Dish

‘18% से T20 मैच हार गया US…’, भारत-अमेरिकी ट्रेड डील पर सर्जियो गोर से मन की बात कह गए पीयूष गोयल

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बाद पीयूष गोयल ने T20 मैच को टैरिफ से जोड़ते हुए चुटकी ली. 18% टैरिफ को हार की वजह बताते हुए बोले कि ज़ीरो होता तो अमेरिका जीत जाता. पढ़ें पूरी खबर…

Piyush Goyal Comment on USA Cricket: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के आवास पर आयोजित स्वागत समारोह में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने हल्के-फुल्के अंदाज में एक गंभीर संदेश दे दिया. भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट(India vs USA T20 World Cup Match) को जोड़ते हुए गोयल ने ऐसा मजाक किया, जिस पर पूरा हॉल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा. इसको लेकर उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ने भारत के खिलाफ टैरिफ शून्य कर दिया होता तो शायद वह क्रिकेट मैच भी जीत जाता. बता दें कि यह टिप्पणी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

समारोह में क्या हुआ?

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अपने आवास पर एक विशेष स्वागत समारोह आयोजित किया था. इसमें केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत कई वरिष्ठ नेता और राजनयिक मौजूद थे. यह कार्यक्रम भारत और अमेरिका के बीच पिछले सप्ताह घोषित अंतरिम व्यापार समझौते (India US Trade Deal) के फ्रेमवर्क के बाद आयोजित किया गया था.

 

इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है. वहीं भारत ने अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ शून्य करने का आश्वासन दिया है. इसी बातचीत के दौरान पीयूष गोयल ने राजदूत सर्जियो गोर से मजाकिया लहजे में क्रिकेट और टैरिफ को जोड़ दिया. हालांकि उन्होंने अमेरिकी क्रिकेट टीम के प्रदर्शन की खुलकर तारीफ भी की.

मजाकिया तंज कसते हुए क्या बोले पीयूष गोयल?

समारोह में पीयूष गोयल अमेरिका के साथ हुए टी20 वर्ल्ड कप मैच (India vs USA T20 World Cup Match) पर अमेरिकी राजदूत के मजे लेते दिखे. इस दौरान उन्होंने हंसते हुए कहा कि ‘सर्जियो मैच का आनंद लेने वहां गए थे. उन्होंने एक बहुत महत्वपूर्ण फैक्टर बताया. अमेरिका 18 प्रतिशत से हार गया. मैंने उनसे विनम्र अनुरोध और सुझाव दिया कि अगर आपने जवाबी टैरिफ को शून्य कर दिया होता तो शायद आप मैच जीत जाते’. इस टिप्पणी पर समारोह में मौजूद मेहमानों ने तालियां बजाईं जिससे माहौल और खुशनुमा हो गया. साथ ही गोयल ने आगे कहा कि वह अमेरिकी क्रिकेट टीम के शानदार प्रदर्शन से वास्तव में चकित थे. उन्होंने माना कि अमेरिकी टीम ने भारत को कड़ी टक्कर दी.

यह भी पढ़ें: युवक को रास नहीं आई प्रेमिका की शादी! खुद तो मरा गर्लफ्रेंड को भी मार डाला; मुजफ्फरनगर लव स्टोरी का खौफनाक अंत

सर्जियो गोर ने क्या कहा?

स्वागत समारोह के दौरान अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस का पूरा फोकस भारत पर है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत को प्राथमिकता दे रहे हैं. उन्होंने पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की दोस्ती का जिक्र करते हुए कहा कि इसी मजबूत व्यक्तिगत संबंध के चलते नया व्यापार समझौता संभव हो सका है. नए अंतरिम ट्रेड फ्रेमवर्क के तहत भारत ने अमेरिकी सामानों पर टैरिफ कम किया है, जबकि अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है.

भारत की जीत के बाद भी ट्रंप ने US टीम को सराहा

मैदान पर भी भारत का पलड़ा भारी रहा. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेली गई शानदार नाबाद 84 रन की पारी ने वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका(ind vs usa t20)  को 29 रन से हरा दिया. इस शानदार प्रदर्शन के लिए सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने शनिवार को अपने अभियान की जोरदार शुरुआत की. टूर्नामेंट शुरू हुए 48 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है और भारत ने अपनी मंशा साफ कर दी है. वहीं मैच खत्म होने के करीब 24 घंटे बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हार के बावजूद अमेरिकी टीम की सराहना की और आने वाले मुकाबलों के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं.

 

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read