PM Modi: स्वतंत्र भारत के इतिहास में सरकार के प्रमुख के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवा करने का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देशभर से बधाई संदेश मिल रहे हैं. इस अवसर पर भाजपा सांसद और पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भी उन्हें बधाई और शुभकामनाएं भेजी. उन्होंने कहा कि 8,931 दिनों तक सरकार के प्रमुख रहकर पीएम मोदी ने नेतृत्व का अनोखा रिकॉर्ड बनाया है.
उन्होंने एक्स पर अपने आधिकारिक अकाउंट से लिखा,
8,931 दिनों तक सरकार के प्रमुख रहकर पीए मोदी ने नेतृत्व का अनोखा रिकॉर्ड बनाया है. यह ‘राष्ट्र-प्रथम’ शासन, कार्यों में ईमानदारी और हर नागरिक की निस्वार्थ सेवा के प्रति उनके गहरे समर्पण पर जनता के विश्वास से सम्भव हुआ है. इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मोदीजी को हार्दिक बधाई.
नितिन नवीन ने बताया राष्ट्रसेवा का उदाहरण
वहीं भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 8931 दिनों का सार्वजनिक जीवन सिर्फ एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि निरंतर तप, त्याग और राष्ट्रसेवा का सशक्त उदाहरण है.
रेखा गुप्ता ने भी दी बधाई
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को प्रधानमंत्री मोदी को अभूतपूर्व उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके कुशल मार्गदर्शन में हम विकसित भारत के संकल्प की ओर निरंतर अग्रसर रहें, यही मंगलकामना है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के मुखिया के रूप में सबसे लंबी अवधि तक सेवा करने का ऐतिहासिक गौरव प्राप्त किया है. यह कीर्तिमान उनकी अटूट कर्तव्यनिष्ठा और जन-आकांक्षाओं के प्रति उनके पूर्ण समर्पण का प्रतीक है. गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में विकास की नई परिभाषा गढ़ने से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में भारत को वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तक उनकी यह अविरल यात्रा अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम के संकल्प की सिद्धि है.
ये भी पढ़ें- Ram Mandir का काम अब तक कितना हुआ और क्या बचा है? निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने बताया सब कुछ
उन्होंने आगे लिखा कि करोड़ों देशवासियों ने निरंतर माननीय प्रधानमंत्री जी के ओजस्वी नेतृत्व और उनके दूरदर्शी एवं साहसिक निर्णयों पर अपना अटूट भरोसा जताया है. दशकों का यह निष्काम सेवाकाल, सार्वजनिक जीवन में धैर्य, जनकल्याण और सुशासन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




