Bharat Express DD Free Dish

अगर कोई हमारी बहनों के सिंदूर को मिटाएगा, तो उसका भी मिटना तय हो जाता है, दाहोद में बोले पीएम मोदी

PM Modi In Gujarat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के दाहोद में भारतीय रेलवे के लोकोमोटिव विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया करोड़ों की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी.

PM Modi

पीएम मोदी दाहोद में जनसभा को संबोधित करते हुए.

PM Modi In Gujarat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के दाहोद में भारतीय रेलवे के लोकोमोटिव विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया करोड़ों की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी. इसके बाद पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि- आज के ही दिन पहली बार मैंने प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली थी. गुजरात के आप सभी लोगो ने मुझे भरपूर आशीर्वाद दिया और बाद में देश के कोटि कोटि जनों ने भी मुझे आशीर्वाद देने में कमी नहीं रखी.

पीएम मोदी ने कहा, ये क्षेत्र मां भारती की, मानवता की रक्षा के लिए हमारे तप और त्याग को दर्शाता है. सोचिए, जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने जो कुछ किया, क्या भारत चुप बैठ सकता है? क्या मोदी चुप बैठ सकता है? अगर कोई हमारी बहनों के सिंदूर को मिटाएगा, तो उसका भी मिटना तय हो जाता है. इसलिए #OperationSindoor सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं है. ये हम भारतीयों के संस्कारों और हमारी भावनाओं की अभिव्यक्ति है. आतंकवादियों ने 140 करोड़ भारतीयों को चुनौती दी थी. इसलिए मोदी ने वही किया, जिसके लिए देशवासियों ने मुझे प्रधान सेवक की जिम्मेदारी दी है.

तीनों सेनाओं को खुली छूट दे दी- PM Modi

पीएम ने कहा, मोदी ने अपनी तीनों सेनाओं को खुली छूट दी और हमारे शूरवीरों ने वो कर दिखाया, जो दुनिया ने पिछले कई दशकों से नहीं देखा था. हमने सीमापार चल रहे 9 आतंकी ठिकानों को ढूंढ निकाला और 22 तारीख को उन्होंने जो खेल खेला था, 6 तारीख की रात को 22 मिनट में हमने उन्हें मिट्टी में मिला दिया. भारत की इस कार्रवाई से बौखलाकर जब पाकिस्तानी सेना ने दुस्साहस दिखाया, तो हमारी सेनाओं ने पाकिस्तानी फौज को भी धूल चटा दी.

“देश ने जो फैसले लिए, वो अभूतपूर्व हैं”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “इन वर्षों में देश ने वो फैसले लिए जो अकल्पनीय और अभूतपूर्व हैं. इन वर्षों में देश ने दशकों पुरानी बेड़ियों को तोड़ा है. देश हर सेक्टर में आगे बढ़ा है.आज देश निराशा के अंधकार से निकलकर विश्वास के उजाले में तिरंगा फहरा रहा है. आज हम 140 करोड़ भारतीय मिलकर अपने देश को विकसित भारत बनाने के लिए जी-जान से जुटे हैं.”

उन्होंने कहा, देश की तरक्की के लिए जो कुछ भी चाहिए, वो हम भारत में ही बनाएं, ये आज के समय की मांग है. भारत आज तेज गति से मैन्युफैक्चरिंग की दुनिया में आगे बढ़ रहा है. देश की जरूरत के सामान का निर्माण हो या फिर दुनिया के अलग-अलग देशों में हमारे देश की बनी हुई चीजों का Export लगातार बढ़ रहा है. आज भारत रेल, मेट्रो और इसकr जरूरी Technology खुद बनाता भी है और दुनिया में Export भी करता है. हमारा ये दाहोद इसका जीता-जागता प्रमाण है.

यह भी पढ़ें-पीएम मोदी ने दाहोद में किया लोकोमोटिव प्लांट का उद्घाटन, रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर और माल ढुलाई को मिलेगी नई गति

PM ने कहा, थोड़ी देर पहले यहां हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है. इसमें सबसे शानदार दाहोद की इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव फैक्ट्री है. 3 साल पहले मैं इसका शिलान्यास करने आया था. अब इस फैक्ट्री में पहला इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव बनकर तैयार हो गया है. आज गुजरात को एक और उपलब्धि हासिल हुई है. गुजरात के शत-प्रतिशत रेलवे नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है. इसके लिए मैं आप सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read