प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करने के लिए पहुंचे. उनकी एक रैली बीरभूम के सूरी में आयोजित की गई, जहां सुबह-सुबह ही भाजपा समर्थक जुटने लगे थे. हर तरफ उत्साह और जोश नजर आ रहा था. खासकर महिलाओं की संख्या बड़ी थी, जिनके हाथों में प्रधानमंत्री की तस्वीरें और कई पोस्टर थे, जिन पर स्लोगन लिखे हुए थे.
एक युवती, जो प्रधानमंत्री और उनकी मां की तस्वीर लिए आई थी, उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी को उनकी मां बहुत प्यारी हैं, इसलिए मैंने यह तस्वीर लायी है. मैं चाहती हूं कि पश्चिम बंगाल में विकास हो और पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार बने.”
स्थानीय समर्थकों ने जताया उत्साह
भाजपा कार्यकर्ता रागिनी मुखर्जी ने बताया, “बीरभूम में प्रधानमंत्री पहली बार आ रहे हैं, इसलिए मैं बहुत खुश हूं. हम उम्मीद करते हैं कि इस बार भाजपा पश्चिम बंगाल में जीत हासिल करे. यहां की महिलाएं असुरक्षित महसूस करती हैं. रात 8 बजे के बाद घर से निकलना डरावना लगता है. हमें विश्वास है कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो हम मुंबई और दिल्ली की तरह रात में भी सुरक्षित रह पाएंगी.”
आरती मिश्रा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लिए गर्व हैं. पश्चिम बंगाल में उनके नेतृत्व में सरकार बननी चाहिए, ताकि बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. राज्य में बदलाव की जरूरत है.”
अनुश्री मंडल ने तृणमूल कांग्रेस के शासन पर टिप्पणी करते हुए कहा, “इस पार्टी के राज में पश्चिम बंगाल की हालत बहुत खराब हो गई है.” वहीं, रश्मि दिव्या ने महिला आरक्षण विधेयक का स्वागत किया और कहा, “इससे महिलाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा. इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का बहुत धन्यवाद.”
अंजू और निर्मला जैसे समर्थक भी उत्साह व्यक्त करते हुए कह रहे थे कि प्रधानमंत्री का शहर में आना बेहद खुशी की बात है. उन्होंने उम्मीद जताई कि महिला आरक्षण बिल महिलाओं के लिए बड़े अवसर लेकर आएगा और इस बार भाजपा की सरकार पश्चिम बंगाल में बनेगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


