PM Modi Assam projects 4570 crore: असम के विकास की रफ़्तार को आज एक नया पंख लग गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुवाहाटी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए असम और खासकर बोडोलैंड (कोकराझार) के लिए 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का तोहफा दिया है. इस मेगा इवेंट की सबसे बड़ी बात रही पीएम मोदी की सादगी. दरअसल, मौसम खराब होने की वजह से पीएम का विमान कोकराझार नहीं उतर सका, जिसके बाद उन्होंने गुवाहाटी से ही जनता से संवाद किया और इसके लिए माफी भी मांगी.
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में भावुक होते हुए कहा कि मैं दिल्ली से आपके पास आने के लिए ही निकला था, लेकिन मौसम ने साथ नहीं दिया. मैं आप सभी का क्षमाप्रार्थी हूँ कि सीधे आपके बीच नहीं पहुंच पाया.
गांवों से शहरों तक सड़कों का जाल
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा ‘असम माला 3.0’ का लॉन्च. इस योजना पर सरकार 3,200 करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है. इसके तहत पूरे असम में 900 किलोमीटर से ज्यादा लंबी सड़कों का निर्माण होगा. यह सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि असम की तरक्की का वो रास्ता है जो नेशनल हाईवे को सुदूर गांवों से जोड़ेगा.
खासकर बोडोलैंड (BTC) क्षेत्र के लिए पीएम ने 1,100 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इसमें 4 नए फ्लाईओवर और 2 बड़े पुल शामिल हैं, जिससे कोकराझार के लोगों को अब ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी और पर्यटन व खेती को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा.
तीन नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
कनेक्टिविटी को और धार देने के लिए पीएम मोदी ने असम से तीन नई रेल सेवाओं की शुरुआत की है:
कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस: यह ट्रेन उत्तर-पूर्व को सीधे दक्षिण भारत (तेलंगाना) से जोड़ेगी.
गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस: असम और पश्चिम बंगाल के बीच व्यापार और यात्रा को आसान बनाएगी.
नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस: असम और त्रिपुरा के बीच आवाजाही अब और भी सुगम होगी.
यह भी पढ़ें: डीजल, पेट्रोल से लेकर LPG सिलेंडर तक, जानें पेट्रोलियम मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या आया सामने?
बाशबारी में पीओएच वर्कशॉप: रोजगार के नए अवसर
रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कोकराझार के बाशबारी में एक पीरियोडिक ओवरहालिंग (POH) कार्यशाला की भी आधारशिला रखी गई. इससे न केवल ट्रेनों के रखरखाव में मदद मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




