Bharat Express DD Free Dish

‘आईना देख लिया तो सच्चाई कहां छिपाओगे?’ राज्यसभा में विपक्ष पर ऐसे गरजे पीएम मोदी, बोफोर्स से लेकर घुसपैठिया मुद्दे पर लगाई लताड़

राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस, TMC, DMK और लेफ्ट पर तीखा हमला बोला. बोफोर्स डील, घुसपैठ, किसान नीति और भ्रष्टाचार को लेकर विपक्ष की जमकर क्लास लगाई. पढ़ें पूरी खबर…

PM Modi attack on Congress in Rajya Sabha: राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. पीएम मोदी ने कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और लेफ्ट दलों को दशकों तक सत्ता में रहने का ताना मारा और कहा कि इनकी प्राथमिकता सिर्फ अपनी जेब भरना रही, जनता की नहीं. उन्होंने कांग्रेस पर सबसे ज्यादा निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस ने छोटे किसानों का विश्वासघात किया. बड़े लोगों को संभाल लिया तो गाड़ी चल जाएगी, उनकी यही सोच थी. हमने छोटे किसानों को देखते हुए पीएम किसान सम्मान निधि लाई, जिसमें 4 लाख करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में गए. इससे छोटे किसानों को नई ताकत और नए सपने मिले.

बोफोर्स डील पर कैसे कसा तंज?

पीएम मोदी हाल ही में हुई अमेरिकी और यूरोपीय ट्रेड डील पर बात करते हुए कांग्रेस पर बड़ा तंज कसा. उन्होंने कहा कि आज जब ‘डील’ की बात होती है तो सकारात्मक अर्थ में होती है. उनके समय में ‘डील’ से बोफोर्स घोटाला याद आता था. आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके, लेफ्ट ये दल दशकों तक केंद्र में सत्ता में रहे, राज्यों में भी सरकारें चलाईं. इनकी प्राथमिकता जेब भरना रही. अब डील से लोगों के जीवन में बदलाव आ रहा है.

घुसपैठिया मुद्दे पर लगाई TMC की क्लास

प्रधानमंत्री ने विपक्षी सदस्यों पर करारा तंज कसते हुए कहा कि सदन में भाषण कैसे दे रहे हैं जबकि अपने राज्यों में हालात इतने खराब हैं. टीएमसी पर निशाना साधते हुए बोले कि वे सदन में भाषण दे रहे हैं लेकिन उनके राज्य में स्थिति बदतर है. पीएम ने अवैध प्रवासियों की वकालत करने वाले विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि दुनिया के विकसित देश भी घुसपैठियों को निकाल रहे हैं. यहां युवाओं की नौकरियां छीनी जा रही हैं. घुसपैठिए आदिवासियों की जमीनें हड़प रहे हैं. इससे हिंसा बढ़ रही है और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है.

‘देश ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर सवार’: पीएम मोदी

राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों की गलतियों को सुधारने में ही हमारी काफी ऊर्जा खप रही है. कांग्रेस के पास न विचार था, न विजन और न ही इच्छाशक्ति. इसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ा. अब हम ‘फ्यूचर-रेडी’ नीतियों पर चल रहे हैं. अब हमने ‘एडहॉकइज्म’ यानी कामचलाऊ रवैया को त्याग दिया है.हम ‘रिफॉर्म-परफॉर्म-ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं. अब देश ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर सवार है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read