प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से भारतीय जनता पार्टी (BJP) देशभर में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करने जा रही है. पार्टी ने इस अभियान को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 साल पूरे होने के मौके से जोड़ा है. नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अभियान की रूपरेखा साझा की और अलग-अलग कार्यक्रमों की जानकारी दी.
दरअसल, 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी. अक्टूबर 2026 में इस सफर के 25 साल पूरे होने जा रहे हैं. भाजपा अब इसी लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक सफर को लोगों के बीच ले जाने की तैयारी में है. पार्टी का कहना है कि अभियान के दौरान सेवा, सामाजिक भागीदारी और देश के विकास से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
17 सितंबर से होगी अभियान की शुरुआत
अभियान के पहले दिन यानी 17 सितंबर को देशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे. इसी दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी रखा गया है. इसके तहत केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पाने वाले परिवार अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताएंगे.
इसके बाद 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. भाजपा कार्यकर्ता अलग-अलग जगहों पर सफाई अभियान में हिस्सा लेंगे. इसके साथ ही पदयात्रा और बाइक रैली जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने की योजना है.
युवाओं और छात्रों को लेकर भी संदेश
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस दौरान देश के छात्रों और उनके अभिभावकों को भरोसा दिलाने की बात कही. उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करना पार्टी और सरकार की लगातार प्राथमिकता है.
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के दौरान शुरू की गई योजनाओं और अभियानों का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने सवाल उठाया कि जब ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसे अभियान शुरू किए जा रहे थे, तब राहुल गांधी कहां थे.
उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला. ‘वंदे मातरम’ के मुद्दे पर नितिन नवीन ने कांग्रेस पर देशविरोधी मानसिकता के साथ काम करने का आरोप लगाया और कहा कि इससे देश के वीर सेनानियों का भी अपमान होता है.
7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’
अभियान का एक अहम पड़ाव 7 अक्टूबर को होगा. इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर देश के शीर्ष नेतृत्व तक के 25 साल पूरे होने के मौके पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी.
इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में बाइक रैलियां और पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी. भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक इन कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री के 25 साल के जनसेवा सफर को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे.
ये भी पढ़ें: मरे हुए इंसान ने पास की 2-2 परीक्षाएं! CID के कारनामे से गरमाई झारखंड की सियासत; मरांडी ने खोला मोर्चा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




