प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन
PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज जन्मदिन है और इस खास मौके पर देश के कोने-कोने से उन्हें बधाइयां मिलने का तांता लगा हुआ है. आम लोगों से लेकर तमाम दिग्गज हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. इसी बीच अयोध्या से एक बेहद खास और आध्यात्मिक संदेश सामने आया है. राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष और कृष्ण जन्मभूमि न्यास के प्रमुख संत शिरोमणि महंत नृत्य गोपालदास जी महाराज ने माननीय प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर उनके जन्मदिवस पर अपनी ओर से हार्दिक बधाई और आशीर्वाद भेजा है.
पत्र में क्या लिखा है खास?
महंत नृत्य गोपालदास जी ने अपने संदेश में लिखा- “आदरणीय नरेंद्र मोदी जी, जय श्रीराम. आपके जन्मदिवस के पावन अवसर पर आपको हृदय से हार्दिक बधाई एवं अनंत मंगलकामनाएं. प्रभु श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण से मेरी प्रार्थना है कि उनकी असीम कृपा और आशीर्वाद सदैव आप पर बना रहे. प्रभु आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, यश, शक्ति एवं राष्ट्रसेवा का सामर्थ्य प्रदान करें.”
उन्होंने आगे लिखा- “आप इसी प्रकार पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ मातृभूमि की सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में निरंतर आगे बढ़ते रहें. आपके सभी शुभ संकल्प पूर्ण हों और भारतवर्ष निरंतर उन्नति, शांति, समृद्धि एवं गौरव के पथ पर अग्रसर हो यही मेरी मंगलकामना है. अयोध्या धाम की पावन धरती से आपको जन्मदिवस पर कोटि-कोटि मंगल आशीर्वाद. प्रभु श्रीराम सदैव आपका मार्गदर्शन करें और अपनी कृपा बनाए रखें.”

पीएम मोदी का राजनीतिक सफर
पीएम मोदी औपचारिक और सक्रिय राजनीतिक सफर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ शुरू हुआ, जहां उनकी अद्भुत क्षमता को देखते हुए उन्हें साल 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया. लगातार चार बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके प्रशासनिक सुधारों और ‘गुजरात विकास मॉडल’ ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा.
इसके बाद, साल 2014 के आम चुनावों में उन्होंने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के चेहरे के रूप में देश का नेतृत्व किया और पूर्ण बहुमत के साथ भारत के 14वें प्रधान मंत्री बने. जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ का ही असर था कि साल 2019 और फिर ऐतिहासिक रूप से साल 2024 के आम चुनावों में भी देश की जनता ने उन पर अटूट भरोसा जताया, जिसके बाद वे स्वतंत्र भारत के सबसे प्रभावशाली और लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्रियों की कतार में शामिल हो गए हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




