Urdu Conclave 2026

पीएम मोदी के जन्मदिन पर संतों और आध्यात्मिक गुरुओं ने दीं ढेरों बधाइयां, वीडियो संदेशों से की यशस्वी जीवन की कामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आज देशभर में उत्सव जैसा माहौल है. आम नागरिकों से लेकर देश के बड़े आध्यात्मिक दिग्गजों और संतों ने उनके दीर्घायु जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सराहना की है. पढ़िए इस खास दिन से जुड़ी पूरी खबर.

PM Modi Birthday

प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन

PM Modi Birthday: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है और इस खास मौके पर देश के कोने-कोने से उन्हें बधाइयां मिलने का तांता लगा हुआ है. आम लोगों से लेकर तमाम दिग्गज हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. इसी बीच, देश के तमाम बड़े संतों, आध्यात्मिक गुरुओं और पीठाधीश्वर ने वीडियो संदेशों और विशेष अनुष्ठानों के जरिए प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिवस पर अपनी ओर से हार्दिक बधाई और आशीर्वाद भेजा है.

“राष्ट्र सेवा जब साधना बनती है तो…”

शनि देव के प्रसिद्ध संत दाती महाराज ने प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि जब राष्ट्र सेवा साधना बन जाती है, तो जन कल्याण अपने आप आराधना बन जाता है. उन्होंने प्रधानमंत्री के अथक परिश्रम, राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनसेवा के प्रयासों की सराहना करते हुए भगवान शनिदेव से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प देश की शक्ति बन रहे हैं.

“हर उलझन का निदान हैं मोदी”

सुधांशु जी महाराज ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन केवल एक व्यक्ति का जन्मोत्सव नहीं है, बल्कि यह भारत के नवजागरण का एक पर्व है. आज देश का बच्चा-बच्चा यह महसूस करता है कि हर समस्या का समाधान और हर उलझन का निदान प्रधानमंत्री के पास है. उन्होंने कहा कि संकट के समय चाहे कोरोना जैसी महामारी हो या सीमा पर देश की रक्षा का सवाल, प्रधानमंत्री ने हमेशा देश को टूटने नहीं दिया. उज्ज्वला योजना से लेकर गरीबों के पक्के मकान और चंद्रयान के जरिए चांद तक तिरंगा फहराने तक, देश के हर मोर्चे पर हुए विकास ने यह साबित कर दिया है कि नया भारत अब आसमान छू रहा है.

दुग्धेश्वर मंदिर में जलाए गए 108 दीये

दूधेश्वर मंदिर के पीठाधीश्वर और जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता महंत नारायणगिरी जी महाराज ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए बताया कि मंदिर में विशेष अनुष्ठान किए गए. उनके अच्छे स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना के साथ मंदिरों में 108 दीये जलाकर विशेष पूजा-अर्चना की गई. उन्होंने कहा कि पिछले 500 सालों के संघर्ष के बाद भगवान राम की जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण और उसका भव्य स्वरूप प्रधानमंत्री के पुरुषार्थ का ही परिणाम है.

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और मनसा देवी मंदिर के महंत रविंद्रपुरी महाराज ने भी अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ाने वाले करोड़ों देशवासियों के प्रेरणा स्रोत प्रधानमंत्री को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं.

पीएम मोदी का राजनीतिक सफर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सफर संघर्ष, दृढ़ संकल्प और देश सेवा की एक ऐसी मिसाल है, जो भारतीय राजनीति में विरले ही देखने को मिलती है. उनका औपचारिक और सक्रिय राजनीतिक सफर भारतीय जनता पार्टी के साथ शुरू हुआ, जहां उनकी अद्भुत प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए उन्हें साल 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया. लगातार चार बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके प्रशासनिक सुधारों और ‘गुजरात विकास मॉडल’ ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा.

इसके बाद, साल 2014 के आम चुनावों में उन्होंने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के चेहरे के रूप में देश का नेतृत्व किया और पूर्ण बहुमत के साथ भारत के प्रधानमंत्री बने. जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ का ही असर था कि साल 2019 और फिर ऐतिहासिक रूप से साल 2024 के आम चुनावों में भी देश की जनता ने उन पर अटूट भरोसा जताया, जिसके बाद वे स्वतंत्र भारत के सबसे प्रभावशाली और लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्रियों की कतार में शामिल हो चुके हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read