Urdu Conclave 2026

’29 अप्रैल से पहले आत्मसमर्पण कर लो, चार मई के बाद कोई नहीं बचेगा’, बिष्णुपुर में पीएम मोदी ने TMC पर साधा निशाना

West Bengal election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने बिष्णुपुर में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया. उन्होंने बंगाल की संस्कृति की सराहना की और TMC पर जमकर निशाना साधा.

West Bengal election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिष्णुपुर पहुंचे. उन्होंने विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल कला और कलाकारों की भूमि है. सभा में मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए चित्रों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि चित्रों पर नाम लिखा होगा तो उन्हें धन्यवाद पत्र भेजा जाएगा. उन्होंने जनता के प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया.

शुभ अवसर पर संबोधन

पीएम मोदी ने कहा कि बांग्ला नव वर्ष शुरू होने के बाद यह उनकी पहली जनसभा है और आज अक्षय तृतीया का शुभ दिन भी है. उन्होंने मां लक्ष्मी से सभी देशवासियों पर कृपा की कामना की. उन्होंने कहा कि बंगाल में उनकी हर सभा पहले से बड़ी होती जा रही है और यह उत्साह प्रदेश सरकार के प्रति जनता के रोष को दर्शाता है.

महिला सशक्तिकरण पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल अब बदलाव के लिए तैयार है. उन्होंने मां शारदा की धरती पर महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति का उल्लेख किया और कहा कि बीजेपी की पहचान महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा से है. उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने संसद में महिलाओं के साथ धोखा किया है.

राष्ट्रपति के सम्मान का मुद्दा

पीएम मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का सम्मान करती है लेकिन टीएमसी ने उनका अपमान किया. उन्होंने कहा कि बंगाल की महिलाएं इसे कभी नहीं भूलेंगी. उन्होंने टीएमसी पर घुसपैठियों को लाभ देने और धर्म के आधार पर आरक्षण देने का आरोप लगाया.

बीजेपी की योजनाएं

पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर गरीबों को मुफ्त राशन मिलेगा और महिलाओं को पीएम आवास योजना के तहत घर बनाने के लिए 1.5 लाख रुपये की मदद दी जाएगी. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार आयुष्मान योजना लागू करेगी और महिलाओं को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी.

मातृ शक्ति भरोसा कार्ड

प्रधानमंत्री ने कहा कि मातृ शक्ति भरोसा कार्ड से हर बहन को सालाना 36,000 रुपये मिलेंगे. गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये की मदद दी जाएगी और संतान होने पर 5,000 रुपये की सहायता केंद्र सरकार देगी. बेटियों की शिक्षा के लिए 50,000 रुपये की मदद दी जाएगी.

टीएमसी पर हमला

पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी का भय-काल खत्म होने वाला है और बीजेपी का सेवा काल शुरू होगा. उन्होंने कहा कि टीएमसी नेताओं की धमकियां और गुंडागर्दी चार मई के नतीजों की झलक हैं.

ये भी पढ़ें-NASA की तस्वीर में यूपी-बिहार सबसे रोशन, तस्वीर की चमक ने इंटरनेट पर लोगों को कर दिया हैरान

जनता की दहाड़

प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता अब बंगाल टाइगर की तरह दहाड़ रही है. उन्होंने टीएमसी के गुंडों और भ्रष्टाचारियों को चेतावनी दी कि 29 अप्रैल से पहले आत्मसमर्पण कर लें, क्योंकि चार मई के बाद कोई बच नहीं पाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read