Bharat Express DD Free Dish

NASA की तस्वीर में यूपी-बिहार सबसे रोशन, तस्वीर की चमक ने इंटरनेट पर लोगों को कर दिया हैरान

NASA Night Light Map:  नासा द्वारा जारी वर्ल्ड नाइट लाइट मैप में उत्तर प्रदेश और बिहार पृथ्वी के सबसे चमकीले हिस्सों में दिखे. इस तस्वीर ने इंटरनेट पर लोगों को हैरान कर दिया है.

NASA Night Light Map:  नासा (NASA) ने हाल ही में एक ग्लोबल नाइट लाइट मैप जारी किया है, जिसमें उत्तर प्रदेश और बिहार पृथ्वी के सबसे चमकीले हिस्सों में दिखाई दे रहे हैं. रात के समय ली गई इस तस्वीर में दोनों राज्यों की रोशनी बाकी इलाकों से ज्यादा नजर आ रही है.

सोशल मीडिया पर कौतूहल

तस्वीर सामने आते ही इंटरनेट पर लोग हैरान रह गए. बिहार को अक्सर पिछड़े राज्यों में गिना जाता है और यूपी भी कई विकसित राज्यों से पीछे है. इसके बावजूद नासा की इस तस्वीर में दोनों राज्यों की चमक सबसे ज्यादा दिख रही है, जिसे देखकर लोग चर्चा करने लगे.

16 लाख तस्वीरों का अध्ययन

नासा ने 2014 से 2022 तक हर रात ली गई करीब 16 लाख सैटेलाइट तस्वीरों का विश्लेषण किया. इस अध्ययन से पता चला कि शहरीकरण और बिजली की उपलब्धता बढ़ने से उत्तर भारत, खासकर यूपी और बिहार में रात की रोशनी का स्तर काफी बढ़ गया है.

नया एल्गोरिदम और नाइट लाइट मैप

वैज्ञानिकों ने Visible Infrared Imaging Radiometer Suite (VIIRS) से ली गई तस्वीरों का इस्तेमाल किया. इसमें सुनहरे रंग वाले हिस्से ज्यादा रोशनी वाले क्षेत्र को दिखाते हैं, जबकि बैंगनी रंग कम रोशनी का संकेत है. इस मैप में भारत, चीन और मध्य पूर्व सुनहरे रंग में चमकते दिखे, जबकि यूरोप का बड़ा हिस्सा बैंगनी रंग में नजर आया.

लोगों की प्रतिक्रियाएं

तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आईं. किसी ने कहा कि बिहार दुनिया का सबसे चमकीला इलाका बन गया है, तो किसी ने इसे बिजली की उपलब्धता और विकास की बड़ी उपलब्धि बताया. कई यूजर्स ने लिखा कि पिछले 10-15 सालों में यूपी-बिहार में बिजली की स्थिति में जबरदस्त सुधार हुआ है.

वैज्ञानिकों की राय

नासा के गोडार्ड स्पेस फ्लाइट सेंटर के अधिकारी मिगुएल रोमन ने कहा कि रात की रोशनी से ऊर्जा क्षेत्र और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां मिल सकती हैं. उन्होंने बताया कि पृथ्वी रात में हमें बहुत कुछ सिखा सकती है.

ये भी पढ़ें-‘अन्याय के खिलाफ खड़े होने की शक्ति हैं परशुराम’: जयंती पर पीएम मोदी ने किया नमन, बोले- उनके पराक्रम से मिलेगा नया आत्मविश्वास

नासा की इस स्टडी ने दिखाया कि यूपी और बिहार जैसे राज्यों में बिजली और शहरी विकास ने रात की रोशनी को अंतरिक्ष तक चमका दिया है. यह तस्वीर न सिर्फ तकनीकी उपलब्धि है बल्कि सामाजिक और आर्थिक बदलाव की कहानी भी कहती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read