PM Modi Visit Today: नवरात्रि के नौ दिन के कठोर उपवास के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली में किसी तरह की सुस्ती दिखाई नहीं दी. 25 सितंबर को उनका दिन ताबड़तोड़ कार्यक्रमों और लंबी यात्राओं से भरा रहा है. सुबह से रात तक प्रधानमंत्री ने अलग-अलग राज्यों और सेक्टरों से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लिया है. पीएम मोदी ने बुधवार आज उत्तर प्रदेश और राजस्थान का दौरा किया है.
इंटरनेशनल ट्रेड शो का किया उद्घाटन
दिन की शुरुआत प्रधानमंत्री ने ग्रेटर नोएडा पहुंचकर की. यहां उन्होंने उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 का उद्घाटन किया. यह ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक चलेगा, जिसका विषय ‘Ultimate Sourcing Begins Here’है. इस मेले का मकसद नवाचार, एकीकरण और अंतरराष्ट्रीयकरण को बढ़ावा देना है. इसमें 2,400 प्रदर्शक, 1,25,000 बी2बी खरीदार और 4,50,000 बी2सी आगंतुक शामिल होंगे. यहां हस्तशिल्प, वस्त्र, चमड़ा, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और आयुष जैसे प्रमुख क्षेत्रों का प्रदर्शन किया जाएगा. साथ ही, उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति और व्यंजन भी प्रदर्शित होंगे.
Addressing the World Food India 2025 programme. https://t.co/x7wR33oiKX
— Narendra Modi (@narendramodi) September 25, 2025
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उन्होंने देशभर से आए उद्यमियों और उद्योग प्रतिनिधियों से बातचीत की. इस मौके पर पीएम ने भारत की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और वैश्विक व्यापार में बढ़ती ताकत पर जोर दिया. इसके बाद मोदी सीधे राजस्थान के बांसवाड़ा पहुंचे. यहां उन्होंने केंद्रीय और राज्य सरकार की कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, जिनकी कुल लागत करीब ₹1,22,100 करोड़ बताई जा रही है. इन परियोजनाओं में ऊर्जा, बुनियादी ढांचा और कई अन्य अहम क्षेत्र शामिल रहे.
पीएम-कुसुम योजना के लाभार्थियों से सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने पीएम-कुसुम योजना के लाभार्थियों से भी संवाद किया. कुछ किसान मौके पर मौजूद थे तो कुछ महाराष्ट्र से वर्चुअल तरीके से जुड़े. इस संवाद में उन्होंने साफ किया कि नवीकरणीय ऊर्जा और किसानों का कल्याण सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में है.
बांसवाड़ा में पीएम-कुसुम योजना के लाभार्थियों से संवाद में यह जानकर मन को बहुत संतोष हुआ कि इस पहल से उनकी आय में काफी बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान उनका जो आत्मविश्वास दिखा, वह इस बात का प्रमाण है कि हमारी योजनाओं का लाभ सीधे जन-जन तक पहुंच रहा है। pic.twitter.com/2PO6EywJuK
— Narendra Modi (@narendramodi) September 25, 2025
राजस्थान से रवाना होकर पीएम मोदी सीधे दिल्ली के भारत मंडपम पहुंचे, जहां उन्होंने वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 में हिस्सा लिया. इस मंच पर उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण और कृषि कारोबार से जुड़े दिग्गजों से मुलाकात की और भारत की वैश्विक खाद्य सुरक्षा में बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला है.
पूरे दिन के दौरान प्रधानमंत्री ने करीब 4.5 घंटे हवाई सफर किया, जिसमें से 2 घंटे हेलिकॉप्टर यात्रा में बीते. एक ही दिन में उद्योग, व्यापार, बुनियादी ढांचे, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और खाद्य सुरक्षा जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ते हुए उन्होंने यह संदेश दिया कि देश के हर हिस्से और हर सेक्टर को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है.
ये भी पढ़ें: लद्दाख हिंसा में पहला एक्शन, सोनम वांगचुक पर चला ‘हंटर’; गृह मंत्रालय का बड़ा फैसला
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




