प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से जनगणना 2027 में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है. अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जनगणना में भाग लेना सिर्फ एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि हर नागरिक की राष्ट्रीय जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से इसके लिए अपने व्यस्त समय में से कुछ मिनट निकालने और जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के भविष्य की सही तस्वीर तैयार करने के लिए सटीक आंकड़े बेहद जरूरी हैं. जनसंख्या, परिवारों और देश की बदलती जरूरतों से जुड़ी जानकारी के आधार पर आगे की योजनाएं और नीतियां तैयार करने में मदद मिलती है. ऐसे में हर नागरिक की भागीदारी इस पूरी प्रक्रिया को ज्यादा प्रभावी बना सकती है.
पहले चरण में करोड़ों परिवारों का रिकॉर्ड तैयार
सरकार के मुताबिक, जनगणना 2027 के पहले चरण का काम देशभर में लगभग पूरा होने की स्थिति में है. अब तक 32 करोड़ से ज्यादा परिवारों का रिकॉर्ड दर्ज किया जा चुका है. वहीं, करीब 2.6 करोड़ लोगों ने ऑनलाइन सेल्फ-एन्यूमरेशन यानी खुद अपनी जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है.
जनगणना में शामिल होना हम सबका राष्ट्रीय दायित्व है।
इससे देश के भविष्य की सही तस्वीर तैयार करने में मदद मिलती है।
मेरा समस्त देशवासियों से एक बार फिर आग्रह है कि वे इसके लिए अपना समय जरूर निकालें।#MannKiBaat pic.twitter.com/VSmfSl6tiC
— Narendra Modi (@narendramodi) September 28, 2026
इस बार जनगणना को डिजिटल तरीके से कराने की दिशा में बड़ा बदलाव किया गया है. यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना है. पहले वर्ष 2021 में जनगणना प्रस्तावित थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे आगे बढ़ाना पड़ा था.
मोबाइल से खुद दर्ज कर सकते हैं जानकारी
जनगणना 2027 में लोगों के लिए सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. इसके तहत नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर अपने मोबाइल फोन के जरिए आवश्यक जानकारी खुद दर्ज कर सकते हैं. सरकार ने इस प्रक्रिया को आसान रखने की कोशिश की है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें भाग ले सकें.
बताया गया है कि ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में आम तौर पर करीब 15 से 20 मिनट का समय लग सकता है. खास बात यह है कि सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा 16 भाषाओं में उपलब्ध कराई गई है, जिससे अलग-अलग भाषाई क्षेत्रों के लोगों के लिए इसे समझना और पूरा करना आसान हो सके.
ये भी पढ़ें: एंसी सोजन ने एशियन गेम्स में रचा इतिहास, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर दी बधाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


