Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

भारत बनेगा दुनिया की नई टेक्सटाइल कैपिटल, 2,360 करोड़ का मिलेगा ऑर्डर, सीटीआई ने प्रधानमंत्री मोदी को कहा ‘धन्यवाद’

भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री के लिए बड़ी खुशखबरी आई है. बांग्लादेश से शिफ्ट हुआ टेक्सटाइल कारोबार अब भारत आ रहा है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कहा है कि दुनिया के बड़े ब्रांड अब भारत से कपड़ा खरीद रहे हैं और तिरुपुर, सूरत, लुधियाना और दिल्ली-एनसीआर को 2,360 करोड़ रुपए का नया ऑर्डर मिलेगा.

भारत की कपड़ा इंडस्ट्री के लिए आने वाले दिन काफी अच्छे साबित हो सकते हैं. बांग्लादेश में मजदूरों के विरोध, हड़ताल और फैक्ट्रियों में कामकाज प्रभावित होने का सीधा फायदा अब भारतीय कारोबारियों को मिलता दिखाई दे रहा है. दुनिया के कई बड़े फैशन ब्रांड बांग्लादेश से अपने कपड़ों के ऑर्डर हटाकर भारत का रुख कर रहे हैं. इसका फायदा देश के उन शहरों को मिलने वाला है, जहां कपड़ा और गारमेंट बनाने का काम बड़े स्तर पर होता है.

चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, भारत के तिरुपुर, सूरत, लुधियाना और दिल्ली-एनसीआर जैसे प्रमुख टेक्सटाइल केंद्रों को करीब 2,360 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिलने की उम्मीद है. CTI ने इसे भारतीय मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया है.

18 दिनों में भारत को मिले 2,360 करोड़ रुपये के ऑर्डर

CTI की रिपोर्ट के अनुसार, 1 नवंबर से 18 नवंबर 2026 के बीच बांग्लादेश से करीब 254 मिलियन डॉलर यानी लगभग 2,360 करोड़ रुपये के गारमेंट ऑर्डर दूसरे देशों में शिफ्ट हुए हैं. इन ऑर्डरों का सबसे बड़ा हिस्सा भारत को मिलने की बात कही गई है.

इस बदलाव का फायदा सिर्फ बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रहेगा. छोटे और मझोले कपड़ा कारोबारियों, गारमेंट फैक्ट्रियों और एक्सपोर्ट यूनिटों के लिए भी नए अवसर पैदा हो सकते हैं. अगर विदेशी कंपनियां लंबे समय तक भारत से खरीदारी जारी रखती हैं, तो इससे देश के टेक्सटाइल कारोबार को नई मजबूती मिल सकती है.

जारा और H&M जैसे बड़े ब्रांड भारत की ओर

दुनिया के कई जाने-माने फैशन ब्रांड अब अपनी सप्लाई चेन में बदलाव कर रहे हैं. इनमें जारा, H&M, M&S, Celio समेत कई अंतरराष्ट्रीय रिटेल कंपनियों के नाम शामिल हैं.

ये कंपनियां अब बांग्लादेश के अलावा भारत, वियतनाम, कंबोडिया और इंडोनेशिया जैसे देशों से भी कपड़े तैयार करवा रही हैं. CTI का दावा है कि इस बदलाव में भारत को सबसे ज्यादा फायदा मिल रहा है.

दरअसल, बांग्लादेश लंबे समय से सस्ते श्रम के कारण दुनिया की बड़ी कपड़ा कंपनियों की पसंद रहा है. लेकिन पिछले कुछ समय से वहां मजदूरों की हड़ताल, फैक्ट्रियों में काम बंद होने और उत्पादन में देरी जैसी समस्याएं बढ़ी हैं. इससे विदेशी खरीदारों का भरोसा प्रभावित हुआ है.

बांग्लादेश की मुश्किलें भारत के लिए बनीं अवसर

रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश को मजदूरों की अशांति और फैक्ट्रियों के बंद रहने के कारण 400 मिलियन डॉलर से ज्यादा का उत्पादन नुकसान हुआ है. इसका असर सीधे विदेशी कंपनियों के ऑर्डर पर पड़ा है, क्योंकि समय पर माल तैयार नहीं होने से उनकी सप्लाई चेन प्रभावित हुई.

इसके अलावा वहां न्यूनतम मजदूरी 12,500 टका से बढ़ाकर 17,000 टका कर दी गई है. यह करीब 36 प्रतिशत की बढ़ोतरी है. इससे बांग्लादेश में कपड़े बनाने की लागत भी बढ़ गई है.

वहीं, भारतीय कंपनियों के पास एक और बड़ा फायदा है. CTI के अनुसार, भारत में गारमेंट ऑर्डर की डिलीवरी में करीब 60 से 90 दिन लगते हैं, जबकि बांग्लादेश में इसमें लगभग 120 दिन लग सकते हैं. यानी भारतीय कंपनियां खरीदारों तक माल पहुंचाने में करीब एक से दो महीने तक आगे रह सकती हैं.

लाखों लोगों के लिए रोजगार के नए मौके

भारत में टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर पहले से ही रोजगार का बड़ा जरिया है. इस उद्योग में सीधे तौर पर 4 करोड़ से ज्यादा लोग काम करते हैं, जिनमें आधे से अधिक महिलाएं हैं. कृषि के बाद यह देश के सबसे बड़े रोजगार देने वाले क्षेत्रों में गिना जाता है.

इस उद्योग से सिर्फ कपड़ा बनाने वाले मजदूर ही नहीं जुड़े हैं. कपास की खेती करने वाले किसान, धागा और बटन बनाने वाली इकाइयां, ट्रांसपोर्ट कारोबारी, पैकेजिंग कंपनियां, मशीनरी सप्लायर और कपड़ा दुकानदार भी इसी कारोबार पर निर्भर हैं.

CTI का कहना है कि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 9 करोड़ लोगों की रोजी-रोटी इस सेक्टर से जुड़ी है. देश में 36 लाख से ज्यादा MSME यूनिट भी टेक्सटाइल और गारमेंट कारोबार का हिस्सा हैं.

ऐसे में 2,360 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिलने का मतलब केवल एक्सपोर्ट बढ़ना नहीं है, बल्कि छोटे कारोबारियों को काम मिलना और नए रोजगार पैदा होना भी है.

सरकार से CTI ने की पांच बड़ी मांगें

इस मौके का पूरा फायदा उठाने के लिए CTI ने केंद्र सरकार से कुछ जरूरी कदम उठाने की अपील की है. संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर टेक्सटाइल इंडस्ट्री को अतिरिक्त सुविधाएं देने की मांग की है.

CTI की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं,

  • एक्सपोर्टरों को राहत: कपड़ा निर्यात करने वाली कंपनियों के लिए विशेष राहत पैकेज दिया जाए. इसमें सस्ती बिजली, सात दिनों के भीतर GST रिफंड और ब्याज में छूट शामिल हो.
  • टेक्सटाइल पार्क में बेहतर सुविधाएं: गारमेंट क्लस्टर और टेक्सटाइल पार्क में 24 घंटे बिजली और पानी की व्यवस्था की जाए, ताकि कंपनियां समय पर ऑर्डर पूरे कर सकें.
  • अमेरिका के टैरिफ से राहत: अमेरिका के साथ होने वाली ट्रेड डील में भारतीय टेक्सटाइल उद्योग के हितों का ध्यान रखा जाए. 25 प्रतिशत टैरिफ के मामले में इस सेक्टर को विशेष छूट मिले.
  • विदेशी कंपनियों के लिए आसान प्रक्रिया: जारा और H&M जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड अगर भारत में अपनी फैक्ट्रियां लगाना चाहते हैं, तो उन्हें जमीन और जरूरी मंजूरियां जल्द मिलनी चाहिए. इसके लिए सिंगल विंडो व्यवस्था बनाई जाए.
  • नए कारीगरों को ट्रेनिंग: सिलाई, कटिंग और डिजाइनिंग जैसे कामों के लिए एक लाख नए कुशल कारीगर तैयार किए जाएं, ताकि बढ़ते ऑर्डर के हिसाब से पर्याप्त कामगार उपलब्ध रहें.

20 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है कारोबार

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल का कहना है कि मौजूदा हालात को भारत को एक बड़े कारोबारी अवसर के रूप में देखना चाहिए. उन्होंने कहा कि एक तरफ अमेरिका की ओर से 25 प्रतिशत टैरिफ की चुनौती सामने है, तो दूसरी तरफ दुनिया के बड़े ब्रांड खुद भारतीय कंपनियों से कारोबार बढ़ाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं.

उनके मुताबिक, अगर सरकार और कारोबारी मिलकर सही दिशा में काम करें, तो मौजूदा 2,360 करोड़ रुपये के ऑर्डर को भविष्य में 20,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाया जा सकता है.

CTI ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देने के लिए धन्यवाद भी दिया है. संगठन का मानना है कि भारत के पास कपड़ा उत्पादन, कुशल कामगारों और बड़े घरेलू बाजार की मजबूत क्षमता है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism