Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक के हासन में हुए हादसे पर जताया शोक, पीड़ित परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा

PM Modi Condolence: कर्नाटक के हासन में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हुए हादसे में 8 लोगों की मौत और 20 से अधिक घायल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की.

PM Modi Condolence

कर्नाटक के हासन जिले में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान एक बेकाबू ट्रक के श्रद्धालुओं पर चढ़ जाने से 8 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए. इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की है.

PM मोदी ने जारी किया संदेश

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर जारी संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “कर्नाटक के हासन में हुई दुर्घटना हृदयविदारक है. इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं, वे शीघ्र स्वस्थ हो जाएं. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे.”

शोभा करंदलाजे ने हादसे को बताया भयानक

हासन की घटना के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने इसे ‘भयानक’ बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हासन जिले में हुई भयावह घटना से मैं स्तब्ध और व्यथित हूं, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने गणेश विसर्जन जुलूस में लोगों को कुचल दिया, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई. ऐसी लापरवाही अक्षम्य है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना. जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.”

एचडी कुमारस्वामी ने भी घटना को लेकर दी प्रतिक्रिया

केंद्रीय भारी उद्योग और इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने भी घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्होंने लिखा, “हासन तालुका के मोसाले होसाहल्ली में गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान हुई भीषण दुर्घटना की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा पहुंचा है. इस दुर्घटना में कई लोगों की जान चली गई और 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह बेहद दुखद है कि गणपति जुलूस के दौरान एक ट्रक की चपेट में आने से कई श्रद्धालुओं की जान चली गई.”

अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा, “यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें. मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. राज्य सरकार घायलों को सर्वोत्तम निशुल्क उपचार प्रदान करने के लिए कदम उठाए.”

घटना में हुई 8 लोगों की मौत

यह घटना तब हुई थी, जब हासन के मोसाले होसाहल्ली में गणेश जुलूस आगे बढ़ रहा था और उसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल थे. इस दौरान, एक तेज रफ्तार ट्रक जुलूस में शामिल लोगों को कुचलते हुए चला गया. हादसा शुक्रवार शाम करीब पौने 9 बजे हुआ. हासन की डिप्टी कमिश्नर केएस लता कुमारी ने बताया कि आठ लोगों की मौत हो गई है और घायलों का केआईएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital