Bharat Express DD Free Dish

युमनाम खेमचंद सिंह बने मणिपुर के नए सीएम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर के नए मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह को शपथ ग्रहण पर बधाई दी. पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि वे राज्य के विकास और समृद्धि के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे.

PM Narendra Modi congratulating Manipur CM

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार (4 फरवरी) को मणिपुर के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उनके शपथ ग्रहण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं. पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री के रूप में युमनाम खेमचंद सिंह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मणिपुर के भाई-बहनों के विकास और समृद्धि के लिए कार्य करेंगे.

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “युमनाम खेमचंद सिंह जी को मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई. मैं श्रीमती नेमचा किपगेन जी और श्री लोसी डिखो जी को राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर तथा श्री कोंथौजम गोविंदास सिंह जी और श्री खुरैजम लोकेन सिंह जी को मणिपुर सरकार में मंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर बधाई देना चाहता हूं.”

उन्होंने आगे कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि वे मणिपुर के मेरे भाई-बहनों के विकास और समृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए लगन से काम करेंगे. बता दें कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को मणिपुर के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली.

इन मंत्रियों ने भी ली शपथ

यह शपथ ग्रहण समारोह भाजपा द्वारा नई दिल्ली में 61 वर्षीय मैतेई समुदाय के नेता को नया विधानसभा दल नेता घोषित किए जाने के एक दिन बाद हुआ. राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने लोक भवन में आयोजित एक समारोह में नए मुख्यमंत्री, दो उपमुख्यमंत्रियों और दो अन्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

शपथ लेने वाले अन्य मंत्री भाजपा के नेमचा किपगेन और गोविंदास कोंथौजम, नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के लोसी डिखो और राष्ट्रीय जन पार्टी के खुरैजाम लोकेन सिंह हैं. पूर्व मंत्री नेमचा किपगेन ने नई दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से ऑनलाइन माध्यम से उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. नागा पीपुल्स फ्रंट के विधायक एल. डिखो ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली. खेमचंद सिंह के नेतृत्व वाली सरकार का विस्तार बाद में किया जाएगा क्योंकि सात मंत्रियों के पद अभी भी रिक्त हैं.


ये भी पढ़ें: कभी बनते-बनते रह गए थे CM, तृणमूल से बीजेपी तक का सफर, कौन हैं मणिपुर के नए मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह?


कौन हैं युमनाम खेमचंद सिंह

युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर बीजेपी के अनुभवी नेताओं में शामिल हैं. वह वर्तमान में मणिपुर की राजधानी इंफाल की सिंगजामेई विधानसभा सीट से विधायक हैं और वर्ष 2012 से लगातार इस सीट से जीत दर्ज कर रहे हैं.

हालांकि, उनकी राजनीतिक शुरुआत तृणमूल कांग्रेस से हुई थी. 2012 में उन्होंने इसी पार्टी के टिकट पर पहली बार विधानसभा चुनाव जीता. बाद में वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए और 2017 व 2022 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत हासिल की. 2017 के चुनाव में भाजपा ने उन्हें मणिपुर विधानसभा का स्पीकर भी नियुक्त किया और वे राज्य में भाजपा की सरकार बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले नेता बने.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read