PM Modi Letter to VV Rajesh: साल 2026 का सूरज केरल की राजनीति में एक नया सवेरा लेकर आया है. तिरुवनंतपुरम नगर निगम में पिछले 45 वर्षों से चला आ रहा वामपंथी शासन का अंत हो गया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता वीवी राजेश ने मेयर पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया है. इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीवी राजेश को एक बेहद भावुक और दिल को छू लेने वाला पत्र लिखा है, जो अब चर्चा का विषय बन गया है.
इतिहास के पन्नों में दर्ज हुई यह जीत
पीएम मोदी ने अपने पत्र में लिखा कि त्योहारों के मौसम और 2026 की शुरुआत के बीच, तिरुवनंतपुरम जैसे महान शहर ने एक नया इतिहास लिखा है. उन्होंने वी.वी. राजेश को मेयर और श्रीमती जी.एस. आशा नाथ को डिप्टी मेयर बनने पर बधाई दी. पीएम ने लिखा-
‘यह जीत सिर्फ एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि एक ऐसा मील का पत्थर है जिसे सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा. उन्होंने कहा कि श्री पद्मनाभस्वामी के आशीर्वाद से पवित्र यह भूमि विचारकों और संतों की रही है, और ऐसे शहर का आशीर्वाद मिलना विनम्र करने वाला है.’
LDF-UDF का ‘फिक्स्ड मैच’ अब खत्म- पीएम मोदी
अपने पत्र में प्रधानमंत्री ने केरल की पुरानी राजनीतिक व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने लिखा कि दशकों से केरल में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मुश्किल रास्तों पर चलकर काम किया है. राज्य की राजनीति पर एलडीएफ (LDF) और यूडीएफ (UDF) का दबदबा रहा है, जिन्होंने भ्रष्टाचार और हिंसा की संस्कृति को बढ़ावा दिया. पीएम मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली में दोस्त और केरल में दुश्मन होने का इनका ‘फिक्स्ड मैच’ अब जल्द ही खत्म होने वाला है. केरल की जनता अब बदलाव चाहती है.
ये भी पढ़ें: ‘रिपोर्ट दो..’, हाईकोर्ट पहुंचा इंदौर का ‘पानी कांड’, 10 मौतों पर सरकार तलब
मेयर राजेश बोले- यह पीएम का ‘न्यू ईयर गिफ्ट’
पीएम मोदी के इस पत्र को पाकर नवनिर्वाचित मेयर वीवी राजेश भावुक हो गए. उन्होंने इसे प्रधानमंत्री की ओर से केरल को दिया गया ‘नए साल का तोहफा’ बताया. राजेश ने कहा कि तिरुवनंतपुरम में हुआ यह राजनीतिक बदलाव रातों-रात नहीं हुआ, बल्कि यह भाजपा कार्यकर्ताओं की दशकों की कड़ी मेहनत और बलिदान का नतीजा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





