Bharat Express DD Free Dish

मालदा स्टेशन पर युवा दोस्तों के साथ मेरी यादगार मुलाकात हुई, मेरा वादा है बंगाल में सरकार बनते ही TMC के काले कारनामे बंद होंगे: PM

West Bengal News: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मालदा स्टेशन पर अपने युवा दोस्तों के साथ एक यादगार मुलाकात हुई. पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने पर जबरदस्त उत्साह था!

Pm Modi
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

पश्चिम बंगाल के मालदा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसका एक वीडियो शेयर किया. वीडियो में प्रधानमंत्री मालदा स्टेशन पर मौजूद छात्रों और युवाओं से मुलाकात करते और उनको ऑटोग्राफ देते नजर आ रहे हैं.

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि मालदा स्टेशन पर अपने युवा दोस्तों के साथ एक यादगार मुलाकात हुई. पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने पर जबरदस्त उत्साह था!

घुसपैठियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया जाएगा

इससे पहले पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन सरकार बनते ही पश्चिम बंगाल में घुसपैठियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया जाएगा. इसके साथ ही मतुआ और नामशूद्र जैसे शरणार्थियों को पूरी सुरक्षा देकर उनकी बस्तियों में विकास को गति दी जाएगी, ये मोदी की गारंटी है.

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर हम ना सिर्फ राज्य का पुराना गौरव लौटाएंगे, बल्कि मालदा सहित पूरे राज्य के किसानों और नौजवानों के लिए नए अवसर लेकर भी आएंगे. मालदा की धरती से मैं डंके की चोट पर कह रहा हूं कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही टीएमसी के सारे काले कारनामे बंद किए जाएंगे. इसके साथ ही यहां गंगा जी, महानंदा और फुलहर पर बाढ़ से सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम भी किए जाएंगे.

देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का जिक्र किया

इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने खास तौर पर देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज से भारत में वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की शुरुआत हो रही है, जो लंबी दूरी की यात्रा को और ज्यादा आरामदायक, शानदार और यादगार बनाएंगी. यह ट्रेन ‘मां काली की धरती,’ यानी बंगाल, को ‘मां कामाख्या की भूमि,’ यानी असम, से जोड़ रही है.

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आने वाले समय में इस आधुनिक स्लीपर ट्रेन का विस्तार पूरे देश में किया जाएगा. उन्होंने बंगाल, असम और पूरे देश को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी.

पीएम मोदी ने यह भी घोषणा की कि आज बंगाल को चार और आधुनिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मिली हैं. इनमें न्यू जलपाईगुड़ी से नागरकोइल अमृत भारत एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी से तिरुचिरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, अलीपुरद्वार से बेंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस और अलीपुरद्वार से मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read