Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

पीएम मोदी ने महाराष्ट्र को दी करोड़ों की सौगात, कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

पीएम मोदी ने पुणे मेट्रो रेल परियोजना (फेज-1) के पूरा होने पर जिला न्यायालय से स्वारगेट तक पुणे मेट्रो सेक्शन का उद्घाटन करते हुए कहा कि अब इस मार्ग पर मेट्रो ट्रेनें चलेंगी.

PM Modi

पीएम मोदी ने महाराष्ट्र को दी विकास परियोजनाओं की सौगात.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महाराष्ट्र में पुणे मेट्रो के पहले चरण (फेज-1) और अपग्रेडेड सोलापुर एयरपोर्ट समेत विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.

11 हजार 200 करोड़ की सौगात

पीएम मोदी को 26 सितंबर को 11 हजार 200 करोड़ रुपये से ज्यादा लागत की इन परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ करना था. पुणे और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण पीएम मोदी ने राज्य का अपना दौरा रद्द कर दिया था. इस अवसर पर पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि इन परियोजनाओं से शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा और लोगों के लिए ‘जीवन को आसान’ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा.

पुणे मेट्रो सेक्शन का उद्घाटन

पीएम मोदी ने पुणे मेट्रो रेल परियोजना (फेज-1) के पूरा होने पर जिला न्यायालय से स्वारगेट तक पुणे मेट्रो सेक्शन का उद्घाटन करते हुए कहा कि अब इस मार्ग पर मेट्रो ट्रेनें चलेंगी. भूमिगत खंड (अंडरग्राउंड सेक्शन) की लागत लगभग 1,810 करोड़ रुपये है.

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने स्वारगेट-कात्रज एक्सटेंशन ऑफ पुणे मेट्रो फेज-1 की आधारशिला रखी. जिसकी लागत लगभग 2,955 करोड़ रुपये होगी. यह 5.46 किमी लंबा दक्षिणी विस्तार पूरी तरह से अंडरग्राउंड है और इसमें मार्केट यार्ड, पद्मावती और कात्रज (कटराज) तीन स्टेशन होंगे.

यह भी पढ़ें- ‘मन की बात’ का 114वां एपिसोड आज, 2014 में शुरू हुए पीएम मोदी के इस रेडियो शो के 10 साल हुए पूरे

पुणे के भिड़ेवाड़ा में क्रांतीज्योती सावित्रीबाई फुले के पहले बालिका विद्यालय के स्मारक की आधारशिला रखते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश की आजादी से पहले सामाजिक परिस्थितियां ऐसी थी कि गरीबों के साथ भेदभाव किया जाता था. ऐसे में लड़कियों के लिए शिक्षा प्राप्त करना बहुत कठिन था. सावित्रीबाई फुले उन प्रतिष्ठित लोगों में से थीं जिन्होंने लड़कियों के लिए शिक्षा के द्वार खोले.

सोलापुर एयरपोर्ट का उद्घाटन

इसके अलावा पीएम मोदी ने सोलापुर एयरपोर्ट का उद्घाटन भी किया. इससे कनेक्टिविटी में सुधार होगा, जिससे सोलापुर पर्यटकों, व्यापारिक यात्रियों और निवेशकों के लिए अधिक सुलभ हो जाएगा. उन्होंने कहा कि मौजूदा टर्मिनल भवन को सालाना लगभग 4.1 लाख यात्रियों की सेवा के लिए पुनर्निर्मित किया गया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital