Bharat Express DD Free Dish

‘संकट का मिलकर सामना करें’, जेवर एयरपोर्ट से पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट पर क्या संदेश दिया?

PM Modi On Middle East Crisis: पीएम मोदी ने आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले फेज का उद्घाटन किया. उन्होंने जनता से मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर इसका उद्घाटन करवाया और पश्चिम एशिया के युद्ध संकट पर विपक्ष को राजनीति न करने की नसीहत दी है.

PM Modi On Middle East Crisis

PM Modi On Middle East Crisis: पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के जेवर में भारत के सबसे बड़े और एशिया के दूसरे सबसे बड़े ‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ के पहले फेज का भव्य उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने एक अनोखे अंदाज में जनता से इसका उद्घाटन करवाया. मंच से बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैंने सिर्फ पर्दा हटाया है. मैं चाहता हूं कि इस एयरपोर्ट का उद्घाटन आप सब करें. इसलिए आप अपना मोबाइल फोन निकालें और फ्लैश लाइट जलाकर इसका उद्घाटन करें. यह आपकी अमानत है. इसी मंच से पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया के युद्ध संकट पर भी अपनी बात रखी.

युवाओं और ‘विकसित यूपी’ की नई उड़ान

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम ‘विकसित यूपी-विकसित भारत’ अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं. जिस यूपी ने मुझे सांसद बनाया, उसकी पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है. उन्होंने बताया कि इस एयरपोर्ट से गाजियाबाद, मेरठ, आगरा और मथुरा सहित पूरे पश्चिमी यूपी के किसानों, लघु उद्योगों और नौजवानों के लिए रोजगार के अपार नए अवसर पैदा होंगे.

विपक्ष को पीएम मोदी की नसीहत

इस अवसर पर पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और उससे पैदा हुए वैश्विक ऊर्जा संकट पर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि भारत इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है. सरकार का पूरा प्रयास है कि कच्चे तेल और गैस के संकट का सीधा बोझ किसानों और आम नागरिकों पर न पड़े.

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने जनता से कराया जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन, कहा- ‘ये आपकी अमानत है’

इसी मुद्दे पर उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए सख्त नसीहत भी दी. पीएम मोदी ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि ऐसे संकट के समय में राजनीति और गलत बयानबाजी करने से बचें. उन्होंने चेताया, “राजनीतिक बहस में कुछ नंबर तो पा लेंगे, लेकिन देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को जनता कभी माफ नहीं करेगी.” कोरोना काल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गुमराह किया था, उन्हें जनता ने चुनावों में नकार दिया था.

क्या है जेवर एयरपोर्ट की खासियत?

बता दें कि पहले फेज में 3300 एकड़ में टर्मिनल और रनवे बनाया गया है, जिसकी सालाना क्षमता 3 करोड़ यात्रियों की है. 11 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस एयरपोर्ट से मई महीने में उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है. जब यह प्रोजेक्ट (52 स्क्वायर किमी) पूरी तरह 2040 तक बनकर तैयार होगा, तो यह बीजिंग के डेक्सिंग एयरपोर्ट को पछाड़कर एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read