Bharat Express DD Free Dish

Maldives से लौटे PM मोदी ने Tamil Nadu को दी हजारों करोड़ की सौगात, Kargil के शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजलि

पीएम मोदी द्वारा तमिलनाडु में उद्घाटित परियोजनाओं से राज्य की आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलेगी. हवाई अड्डा, बंदरगाह, सड़क और रेलवे जैसी परियोजनाएं सीधे तौर पर व्यापार, रोजगार और पर्यटन को प्रोत्साहित करेंगी.

pm modi in tamil nadu
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

पीएम मोदी द्वारा तमिलनाडु में उद्घाटित परियोजनाओं से राज्य की आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलेगी. हवाई अड्डा, बंदरगाह, सड़क और रेलवे जैसी परियोजनाएं सीधे तौर पर व्यापार, रोजगार और पर्यटन को प्रोत्साहित करेंगी. इसके साथ ही, भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता भारत की वैश्विक आर्थिक स्थिति को और मजबूत करेगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तमिलनाडु के तूतीकोरिन में ₹4900 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और तमिलनाडु की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विरासत को नमन करते हुए राज्य के विकास को केंद्र सरकार की प्राथमिकता बताया.

कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि

अपने भाषण की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा, “आज कारगिल विजय दिवस है. मैं देश के वीर जवानों को नमन करता हूं और उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करता हूं. उनका साहस और बलिदान हमें सदैव प्रेरणा देता रहेगा.”

₹4900 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

पीएम मोदी ने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है, उनमें हवाई अड्डे, राष्ट्रीय राजमार्ग, पोर्ट सुविधाएं, रेलवे और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कई महत्त्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं. इनमें प्रमुख रूप से तूतीकोरिन हवाई अड्डे का नया टर्मिनल भवन, दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं, एक नया कार्गो टर्मिनल और पावर ट्रांसमिशन संबंधी प्रोजेक्ट्स शामिल हैं.

हवाई अड्डे से बढ़ेगा संपर्क, व्यापार और पर्यटन

पीएम मोदी ने कहा कि तूतीकोरिन हवाई अड्डे पर ₹450 करोड़ की लागत से बनाए गए नए टर्मिनल भवन से अब सालाना 20 लाख यात्रियों को सेवा मिलेगी, जबकि पहले यह क्षमता केवल तीन लाख थी. यह टर्मिनल 17,340 वर्गमीटर में फैला है और एक समय में 1,350 यात्रियों को संभालने में सक्षम है. भविष्य में इसकी क्षमता को 25 लाख तक बढ़ाया जा सकेगा.

राष्ट्रीय राजमार्गों से हो सकेगा तेज़ आवागमन

पीएम मोदी ने बताया कि ₹2350 करोड़ की लागत से सेथियाथोप-चोलापुरम NH-36 सेक्शन को 4-लेन किया गया है. इसमें बाइपास, पुल और फ्लाईओवर शामिल हैं. इससे डेल्टा जिलों और चेन्नई के बीच संपर्क तेज होगा और यात्रा में 45 मिनट की बचत होगी. इसके अलावा, ₹200 करोड़ की लागत से NH-138 के 5.16 किमी हिस्से का 6-लेन विस्तार किया गया है, जिससे तूतीकोरिन पोर्ट से औद्योगिक क्षेत्रों तक संपर्क बेहतर होगा और लॉजिस्टिक लागत कम होगी.

चिदंबरनार पोर्ट: नॉर्थ कार्गो बर्थ-III का उद्घाटन

पीएम मोदी ने चिदंबरनार पोर्ट पर बने नए नॉर्थ कार्गो बर्थ-III का भी उद्घाटन किया. ₹285 करोड़ की लागत से बना यह टर्मिनल 6.96 मिलियन मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता वाला है. इससे ड्राई कार्गो को संभालने की क्षमता में वृद्धि होगी और पोर्ट की दक्षता बढ़ेगी.

तमिलनाडु की ऐतिहासिक भूमिका का किया स्मरण

पीएम मोदी ने कहा कि तमिलनाडु की धरती ने सदियों से भारत को एक समृद्ध और सशक्त राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने वी. ओ. चिदंबरम पिल्लई को याद करते हुए कहा कि उन्होंने स्वदेशी जहाज से अंग्रेजों को चुनौती दी और आत्मनिर्भर भारत की नींव रखी. उन्होंने महाकवि सुब्रमण्यम भारती का भी उल्लेख किया, जिनका संबंध न केवल तमिलनाडु से बल्कि पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी से भी रहा है.

 

काशी-तमिल संगमम से जोड़ने की कोशिश: पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि काशी-तमिल संगमम जैसी पहलों से हम भारत की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह प्रयास हमारे देश की सांस्कृतिक विविधता को एकता में पिरोने का प्रयास है.

मेक इन इंडिया की ताकत ऑपरेशन सिंदूर में दिखी

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में हाल ही में संपन्न हुए ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन में मेड इन इंडिया हथियारों ने आतंक के ठिकानों को ध्वस्त किया और भारत की स्वदेशी रक्षा प्रणाली की ताकत को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा, “आज भारत में बने हथियार आतंक के आकाओं की नींद उड़ा रहे हैं,”

भारत-ब्रिटेन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर पीएम मोदी का बयान

पीएम मोदी ने बताया कि उनकी हाल ही में संपन्न विदेश यात्रा के दौरान भारत और ब्रिटेन के बीच ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) हुआ है. इस समझौते के तहत अब ब्रिटेन में बिकने वाले 99% भारतीय उत्पाद कर मुक्त होंगे, जिससे उनकी मांग बढ़ेगी और भारत में उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा. उन्होंने कहा कि इस समझौते से तमिलनाडु के युवाओं, लघु उद्योगों, MSME और स्टार्टअप्स को सबसे अधिक लाभ होगा.

राजनीतिक परिदृश्य और सीएम स्टालिन की अनुपस्थिति

इस कार्यक्रम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन शामिल नहीं हो सके. उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर जानकारी दी कि वे अस्पताल में भर्ती हैं. उनकी अनुपस्थिति में राज्य के वित्त मंत्री थंगम थेन्नारसु ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की. गौरतलब है कि इससे पहले 6 अप्रैल को रामेश्वरम में भी एक कार्यक्रम में स्टालिन उपस्थित नहीं हुए थे.

विकसित भारत और विकसित तमिलनाडु का संकल्प

पीएम मोदी ने अपने भाषण के अंत में कहा कि “हम एक विकसित भारत और विकसित तमिलनाडु के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. आज दुनिया भारत की प्रगति में अपनी प्रगति देख रही है.”

यह भी पढ़िए: मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में चीफ गेस्ट बने पीएम मोदी, भारतीय समुदाय के बीच यूं बिताए पल VIDEO



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read