प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे कार्यकाल को लेकर देशभर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. भाजपा और उसके सहयोगी दलों के कई नेताओं ने इस मौके पर उनकी जमकर तारीफ की है और इसे भारत के विकास की एक अहम यात्रा बताया है. नेताओं का कहना है कि 2014 के बाद से देश में जिस तरह बदलाव देखने को मिला है, वह पहले कभी नहीं देखा गया.
मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार देश की सेवा कर रहे हैं. उनके मुताबिक पिछले कई वर्षों में देश के अलग-अलग हिस्सों में विकास कार्यों की रफ्तार तेज हुई है और आम लोगों के बीच इसका सकारात्मक असर साफ दिखाई देता है. उन्होंने यह भी कहा कि जनता में एक तरह का भरोसा और संतोष का माहौल बना है.
12 साल के कार्यकाल पर विशेष कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल जल्द ही एक नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि इसी अवसर पर 5 जून से 21 जून तक देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों के जरिए पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संदेश को आगे बढ़ाया जा रहा है. उनका कहना था कि ये सभी गतिविधियां सरकार की जनसेवा और गरीब कल्याण की नीतियों को दिखाती हैं.
चुनावी जीत और लोकप्रियता का दावा
भाजपा नेताओं का यह भी दावा है कि हाल के वर्षों में हुए चुनावों के नतीजे बताते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता अभी भी बरकरार है. उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि विभिन्न राज्यों में हुए चुनावों में जनता का रुझान लगातार उनके पक्ष में दिखाई दिया है. उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि 2029 के चुनाव में भी जनता एक बार फिर उन्हें समर्थन दे सकती है.
मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने सुशासन, आर्थिक अनुशासन और विकास के नए मानक देखे हैं. उनके अनुसार भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि भी मजबूत हुई है और देश की पहचान वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रभावशाली बनी है.
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि पर्यावरण दिवस के मौके पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत देशभर में पौधरोपण किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की एक सामूहिक कोशिश है.
जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने भी प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया. उनका कहना था कि इस दौरान भारत की वैश्विक स्वीकार्यता बढ़ी है और युवाओं के लिए रोजगार तथा अवसरों के नए रास्ते खुले हैं.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में अन्नामलाई का ‘विस्फोट’! नई पार्टी का ऐलान, जाते-जाते खोला सबसे बड़ा राज
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




