Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में की आम किसानों की सराहना, भारतीय आमों की वैश्विक पहचान पर दिया जोर

Mann Ki Baat: पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में आम किसानों की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि भारत की विविध आम किस्में अब वैश्विक बाजारों तक पहुंच रही हैं और किसानों की मेहनत देश की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रही है.

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में आम उत्पादक किसानों की मेहनत को सलाम किया. उन्होंने कहा कि गर्मियों का मौसम आते ही आम हर घर की चर्चा का हिस्सा बन जाता है और शायद ही कोई परिवार ऐसा हो जहां आम को लेकर उत्साह न हो.

हर इलाके का अपना स्वाद

पीएम मोदी ने बताया कि भारत के अलग-अलग हिस्सों में आम की किस्में अपनी खास पहचान रखती हैं. महाराष्ट्र और कोंकण का हापुस (अल्फांसो), गुजरात का केसर, उत्तर प्रदेश का दशहरी और काशी का लंगड़ा आम लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं. उन्होंने कहा कि लंगड़ा आम पकने के बाद भी कई बार हरा ही रहता है, जबकि बिहार का जर्दालू आम अपनी सुगंध से दूर से ही पहचाना जाता है.

दक्षिण और पूर्वी भारत की किस्में

प्रधानमंत्री ने चौसा और मालदा जैसी किस्मों का उल्लेख करते हुए कहा कि दक्षिण भारत में बंगनपल्ली, तोतापुरी, नीलम और मलगोवा आम की अलग पहचान है. पश्चिम बंगाल का हिमसागर और ओडिशा व आंध्र प्रदेश का सुवर्णरेखा आम भी लोगों के बीच काफी पसंद किए जाते हैं. उन्होंने कहा कि जगह बदलते ही आम का रंग, स्वाद और खुशबू बदल जाती है और यही भारत की विविधता की खूबसूरती है.

वैश्विक बाजार तक पहुंच

पीएम मोदी ने कहा कि अब भारतीय आम सिर्फ गांवों और स्थानीय मंडियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दुनिया के बाजारों तक भी पहुंच रहे हैं. उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आम की खेती करने वाले किसान सिर्फ आम किसान नहीं बल्कि खास हैं, जो देश की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रहे हैं.

ये भी पढ़ें-पश्चिम बंगाल में अभिषेक बनर्जी पर हमला, पांच गिरफ्तार, टीएमसी-बीजेपी आमने-सामने

किसानों को मिला सम्मान

प्रधानमंत्री का यह संदेश आम उत्पादक किसानों के लिए उत्साहवर्धन का काम करता है. इसे भारतीय कृषि की विविधता और मेहनतकश किसानों को सम्मान देने के रूप में देखा जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read