Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

PM मोदी से मिले सूर्यकुमार यादव, पत्नी-बेटी के साथ पहुंचे प्रधानमंत्री आवास; नन्ही बच्ची के भजन पर मंत्रमुग्ध हुए PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धनतेरस के मौके पर पूर्व भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव, उनकी पत्नी देविशा शेट्टी और बच्चों से मुलाकात की. पीएम मोदी ने मुलाकात का वीडियो शेयर किया, जिसमें वह नन्ही बच्ची के भजन पर मंत्रमुग्ध और सूर्या की बेटी रिधिमा को दुलारते नजर आए.

PM Modi Meets Suryakumar Yadav Family

PM Modi Meets Suryakumar Yadav Family

PM Modi Meets Suryakumar Yadav Family: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने आवास पर भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव से मुलाकात की. इस दौरान सूर्या अपनी पत्नी देविशा शेट्टी और बच्चों के साथ पहुंचे. पीएम मोदी ने इस खास मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें वह क्रिकेटर के परिवार के साथ बातचीत करते और उनकी बेटी को दुलारते नजर आ रहे हैं.

पीएम मोदी ने शेयर किया खास वीडियो

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर मुलाकात का वीडियो पोस्ट किया है. इसमें सूर्यकुमार यादव, उनकी पत्नी देविशा शेट्टी और उनके साथ आए बच्चों के साथ पीएम मोदी बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में एक नन्ही बच्ची भजन सुनाती नजर आती है, जिसे सुनकर प्रधानमंत्री मंत्रमुग्ध हो जाते हैं. इस दौरान सूर्यकुमार यादव की बेटी रिधिमा की भी झलक देखने को मिली. पीएम मोदी बच्ची को प्यार से पुचकारते हुए नजर आए.

पीएम मोदी ने दिवाली को लेकर कही खास बात

प्रधानमंत्री ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, “दिवाली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है. इससे दिवाली का माहौल और भी पवित्र और दिव्य हो गया है.” धनतेरस के मौके पर सूर्यकुमार यादव की अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री से मुलाकात खास रही. वीडियो में दोनों परिवारों के बीच आत्मीयता और खुशनुमा माहौल देखने को मिला.

टी20 विश्व कप जीतने के बाद भी खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्या

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया था. यह पहली बार था, जब किसी टीम ने अपनी मेजबानी में टी20 विश्व कप जीता. हालांकि, विश्व कप जीतने के बावजूद सूर्यकुमार यादव को निजी खराब फॉर्म के चलते अगली सीरीज से बाहर कर दिया गया.

फिलहाल सूर्या घरेलू क्रिकेट के जरिए भारतीय टीम में वापसी की कोशिश कर रहे हैं. उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के लिए मुंबई टीम की कप्तानी सौंपी गई है.

टी20 में सूर्या के नाम 4 शतक और 25 अर्धशतक

सूर्यकुमार यादव टी20 फॉर्मेट में एक समय दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज रह चुके हैं. उन्होंने भारतीय टीम के लिए 113 टी20 मुकाबलों में 4 शतक और 25 अर्धशतकों की मदद से 3,272 रन बनाए हैं. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर सूर्या अब घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर टीम में वापसी का लक्ष्य लेकर उतरेंगे.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital