Bharat Express DD Free Dish

‘ऑपरेशन सिंदूर’ और देश की ताकत पर पीएम मोदी के बयान को नेताओं का समर्थन, बोले- नया भारत हर चुनौती का जवाब देने में सक्षम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मेलबर्न में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और भारत की बढ़ती सैन्य एवं आर्थिक ताकत का उल्लेख किए जाने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनकी बात का समर्थन किया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’, भारत की सैन्य क्षमता और देश की बढ़ती आर्थिक ताकत का जिक्र किया. पीएम मोदी के इस बयान के बाद भाजपा और जेडीयू के कई नेताओं ने उनकी बात का समर्थन किया और कहा कि आज का भारत पहले से ज्यादा मजबूत, आत्मनिर्भर और निर्णायक भूमिका निभाने वाला देश बन चुका है.

भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी क्षमता दुनिया के सामने दिखाई है. राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि इस अभियान के दौरान आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर उन्हें तबाह किया गया और भारत ने अपनी तकनीकी क्षमता का परिचय दिया.

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा भारत

मदन राठौड़ ने कहा कि एक समय था जब दुनिया में दूसरे देशों की कार्रवाई की मिसाल दी जाती थी, लेकिन अब भारत भी अपनी तकनीक और रक्षा क्षमता के दम पर बड़े फैसले लेने में सक्षम है. उन्होंने कहा कि पहले भारत को हथियारों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब देश में आधुनिक हथियार तैयार किए जा रहे हैं और कई देश भारतीय रक्षा उत्पादों में रुचि दिखा रहे हैं.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने भी प्रधानमंत्री मोदी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि भारत ने दुनिया को दिखाया है कि वह कूटनीति और रक्षा दोनों मोर्चों पर मजबूती से खड़ा है. उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में भारत ने अपनी सैन्य ताकत और रणनीतिक क्षमता साबित की है.

बिहार भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने कहा कि 2014 के बाद देश की सोच और काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव आया है. उन्होंने कहा कि अब कोई भी ताकत भारत की संप्रभुता और सम्मान को चुनौती नहीं दे सकती. उनके मुताबिक, भारत ने कई मौकों पर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी स्वीकार किया गया है.

उन्होंने भारत की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था लगातार आगे बढ़ रही है. उन्होंने भरोसा जताया कि भारत जल्द ही दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा. इसके साथ ही उन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए चंद्रयान मिशन की सफलता और भविष्य के गगनयान मिशन को लेकर भी उम्मीद जताई.

आतंकवाद के खिलाफ भारत का सख्त रुख

वहीं, जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने जिस तरह जवाब दिया, उससे दुनिया को संदेश मिला कि देश आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा. उन्होंने कहा कि इस अभियान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया और भारतीय सेना ने अपनी क्षमता और साहस का प्रदर्शन किया.

राजीव रंजन ने कहा कि कोरोना महामारी और पश्चिम एशिया के संकट जैसी वैश्विक परेशानियों के बीच भी भारत की अर्थव्यवस्था मजबूती से आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि करीब 7 प्रतिशत की विकास दर के साथ भारत तेजी से आर्थिक शक्ति बन रहा है और आने वाले समय में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

ये भी पढ़ें: IVP का BJP में विलय, 16 पार्षदों के साथ मुकेश गोयल ने बदला पासा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read