Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

मेट्रो में पीए मोदी का अलग अंदाज, बच्चों से की बातें; जन्माष्टमी पर हुई दिलचस्प चर्चा

PM Modi Metro Moments: SRCC शताब्दी समारोह से लौटते वक्त पीएम मोदी ने दिल्ली मेट्रो में सफर किया. बच्चों से जन्माष्टमी, पढ़ाई और किताबों पर बातचीत का वीडियो वायरल है.

PM Modi Metro Moments

पीएम मोदी ने दिल्ली मेट्रो में किया सफर

PM Modi Metro Moments: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग अंदाज शनिवार को दिल्ली मेट्रो में देखने को मिला. श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोह में शामिल होने के बाद लौटते वक्त पीएम मोदी ने मेट्रो से सफर किया. इस दौरान उन्होंने आम यात्रियों के साथ बातचीत की, बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ काफी सहज अंदाज में समय बिताया. प्रधानमंत्री ने इस सफर का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी शेयर किया है.

वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी ने इसे ‘मेट्रो मोमेंट्स’ बताया. उन्होंने लिखा कि यह एसआरसीसी की यात्रा और वहां से वापस लौटते समय हुई बातचीत की झलक है.

बच्चों से पूछा- जन्माष्टमी मनाई?

मेट्रो में प्रधानमंत्री को देखकर कई बच्चे उत्साहित नजर आए. पीएम मोदी ने बच्चों से हाथ मिलाया और उनके नाम पूछे. उन्होंने यह भी जानना चाहा कि बच्चे कहां जा रहे हैं. बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने बच्चों से पूछा कि उन्होंने जन्माष्टमी मनाई या नहीं. बच्चों ने एक साथ ‘हां’ में जवाब दिया.

इसके बाद पीएम मोदी ने कुछ बच्चों को अपने पास बैठाया. एक बच्चे ने शिक्षक दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि 5 सितंबर को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की याद आती है. बच्चे ने कहा कि आज भले ही राधाकृष्णन हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लोगों को प्रेरित कर रहे हैं और इसके लिए उसने पीएम को धन्यवाद दिया. इसी दौरान एक अन्य बच्चे ने संस्कृत का प्रसिद्ध गुरु मंत्र सुनाकर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया. पीएम मोदी ने भी बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की.

‘मैं आपके जैसा बनना चाहता हूं’

मेट्रो में एक छोटा बच्चा प्रधानमंत्री के पास पहुंचा और उनसे हाथ मिलाते हुए कहा कि वह बड़ा होकर उनके जैसा बनना चाहता है. बच्चे की बात सुनकर पीएम मोदी मुस्कुराए और सहज अंदाज में जवाब दिया. यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने महिलाओं और उनके साथ मौजूद बच्चों से भी बातचीत की. एक बच्चे के सिर पर उन्होंने हाथ रखकर स्नेह जताया.

चंदौली से काशी तक की बात

मेट्रो में एक महिला ने पीएम मोदी को बताया कि वह चंदौली की रहने वाली हैं. इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वह भी चंदौली के पड़ोसी क्षेत्र काशी से हैं. महिला ने बताया कि उनका मायका काशी में ही है. इसके बाद पीएम मोदी ने काशी के विकास और वहां के लोगों के बारे में पूछा. महिला ने कहा कि काशी में तेजी से विकास हुआ है. प्रधानमंत्री ने भी जानना चाहा कि क्या वहां के लोग खुश हैं और विकास कार्य अच्छे चल रहे हैं. महिला ने इसका जवाब हां में दिया.


ये भी पढ़ें: ‘गुड मॉर्निंग’ की जगह बोला ‘राधे-राधे’… फिर मासूम बच्ची के साथ जो हुआ, उससे मचा हड़कंप


विद्यार्थियों से किताबों पर चर्चा

सफर के दौरान पीएम मोदी ने कुछ विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और किताबों को लेकर भी बातचीत की. उन्होंने पूछा कि वे किस तरह की किताबें पढ़ते हैं. विद्यार्थियों ने बताया कि वे नॉवेल और पढ़ाई से जुड़ी किताबें पढ़ते हैं. इस पर प्रधानमंत्री ने उन्हें सलाह दी कि अकादमिक किताबों और उपन्यासों के साथ-साथ आत्मकथा और जीवनी भी पढ़नी चाहिए. पीएम मोदी का यह सहज संवाद मेट्रो के सफर को एक खास ‘मेट्रो मोमेंट’ में बदलता नजर आया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital