प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने आवास पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नए 37 सांसदों के साथ मुलाकात की. इस दौरान प्रधानमंत्री ने सांसदों के साथ नाश्ते पर बातचीत की और उन्हें संसद की कार्यवाही में ज्यादा से ज्यादा सक्रिय रहने की सलाह दी. सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने सभी नए सांसदों से कहा कि वे सदन में अपनी मौजूदगी बढ़ाएं और संसदीय कामकाज को गंभीरता से समझते हुए उसमें भागीदारी करें.
बैठक में प्रधानमंत्री ने सांसदों को सलाह दी कि वे संसद को सीखने और समझने का एक बड़ा मंच मानें. उन्होंने कहा कि सांसदों को पक्ष और विपक्ष, दोनों के नेताओं के काम करने के तरीके से सीखना चाहिए. पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि सभी सांसदों को मिलकर काम करना चाहिए और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना चाहिए.
इस मुलाकात में नितिन नवीन, सुष्मिता देव, राजेंद्र गुप्ता, राहुल सिंह, स्वाति मालीवाल, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी समेत कई सांसद शामिल हुए. प्रधानमंत्री ने नए सांसदों से संवाद करते हुए उन्हें संसदीय परंपराओं को समझने और अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने के लिए प्रेरित किया.
इससे एक दिन पहले मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक भी आयोजित की गई थी. संसद की लाइब्रेरी बिल्डिंग स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे.
हेमंग जोशी और माया नरोलिया ने साझा कीं बैठक की तस्वीरें
बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए बीजेपी सांसद हेमंग जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक कई नई जानकारियां देने वाली रही. वहीं, राज्यसभा सांसद माया नरोलिया ने भी कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए राष्ट्रहित, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ काम कर रहा है.
संसद सत्र के दौरान एनडीए की ऐसी बैठकें गठबंधन की एकजुटता बनाए रखने और सभी सांसदों के बीच बेहतर तालमेल के लिए आयोजित की जाती हैं. इससे पहले 28 जुलाई को भी एनडीए संसदीय दल की बैठक हुई थी.
तृणमूल से अलग हुए गुट यानी हाल ही में बनी ‘नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया’ (एनसीपीआई) के सांसद भी गठबंधन की इस बैठक में शामिल हुए.
ये भी पढ़ें: हरभजन सिंह ने की पीएम मोदी और अमित शाह से मुलाकात, पंजाब में खेलों और युवाओं के मुद्दों पर हुई चर्चा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
