तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस रवाना होंगे PM मोदी
PM Modi Philippines Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (16 नवंबर) तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला रवाना हो रहे हैं. इस दौरे के दौरान वह 17 नवंबर को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर हो रहा यह दौरा भारत की विदेश नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में उसकी रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी ने दौरे से पहले कहा कि आसियान देशों के साथ भारत के संबंध उसकी एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में हैं. साथ ही, महा-सागर विजन में भी इन देशों की अहम भूमिका है. उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के रिश्ते सदियों पुराने सभ्यतागत संपर्कों पर आधारित हैं. समय के साथ ये संबंध व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और लोगों के बीच संपर्क जैसे कई क्षेत्रों में मजबूत साझेदारी के रूप में विकसित हुए हैं.
आसियान देशों के साथ साझेदारी पर होगी चर्चा
पीएम मोदी ने कहा कि 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वह सदस्य देशों के नेताओं के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे. इसके साथ ही विकास, कनेक्टिविटी और साझा समृद्धि के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी. भारत और आसियान देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करना भी इस साझेदारी का अहम हिस्सा है.
वहीं, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श होगा. इस दौरान हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के मुद्दे पर भी चर्चा की जाएगी.
भारतीय समुदाय से भी मिलेंगे प्रधानमंत्री
फिलीपींस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे. उन्होंने कहा कि फिलीपींस में भारतीय समुदाय दोनों देशों के बीच दोस्ती और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे रहा है.
ये भी पढ़ें- भारत दौरे पर प्रिंस विलियम और केट मिडलटन: ‘अर्थशॉट प्राइज’ समारोह में होंगे शामिल, पीएम मोदी से भी करेंगे मुलाकात
प्रधानमंत्री को उम्मीद है कि यह दौरा आसियान देशों के साथ भारत की साझेदारी को नई ऊर्जा देगा. साथ ही, इससे शांतिपूर्ण, समृद्ध और मजबूत हिंद-प्रशांत क्षेत्र बनाने के साझा संकल्प को भी मजबूती मिलेगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



