किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में चल रहे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच हुई द्विपक्षीय बातचीत में भारत-रूस संबंधों के साथ-साथ यूक्रेन युद्ध और वैश्विक शांति जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई.
बैठक की शुरुआत में पीएम मोदी ने पुतिन का गर्मजोशी से स्वागत किया. उन्होंने कहा कि रूसी राष्ट्रपति से मिलकर उन्हें खुशी हो रही है और पिछले साल हुई पुतिन की भारत यात्रा काफी सफल और यादगार रही थी. मोदी ने याद किया कि उस दौरान दोनों नेताओं ने कई घंटे साथ बिताए थे और आर्थिक रिश्तों को आगे बढ़ाने को लेकर विस्तार से बातचीत हुई थी.
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और रूस के बीच सहयोग लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है. दोनों देशों की टीमें पहले हुई चर्चाओं और समझौतों को जमीन पर लागू करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने साफ कहा कि दोनों देशों के रिश्तों में राष्ट्रीय हित हमेशा सबसे ऊपर रहा है और आगे भी यही सोच बनी रहेगी.
यूक्रेन युद्ध पर पीएम मोदी का स्पष्ट संदेश
बातचीत के दौरान यूक्रेन युद्ध का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. पीएम मोदी ने कहा कि भारत हमेशा शांति की कोशिशों का समर्थन करता रहा है और आगे भी करता रहेगा. उनके मुताबिक, युद्ध का हर बीतता दिन मानवता को पीछे धकेलता है, जबकि शांति की दिशा में उठाया गया हर कदम लोगों के भीतर नई उम्मीद पैदा करता है.
मोदी ने कहा कि अब दुनिया को ऐसे युद्ध से निकलकर उसके अंत की दिशा में बढ़ना होगा, जिसका कोई स्पष्ट अंत नजर नहीं आ रहा है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विवादों का समाधान जल्द से जल्द शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए. प्रधानमंत्री ने इसे मानवता की जरूरत बताते हुए कहा कि भारत का संदेश भी शांति का ही है.
उन्होंने भारत की उस विरासत का भी जिक्र किया, जिसे महात्मा गांधी और भगवान बुद्ध की शिक्षाओं से जोड़ा जाता है. मोदी ने कहा कि गांधी और बुद्ध की धरती का संदेश मूल रूप से शांति और संवाद का रास्ता अपनाने का रहा है.
BRICS को लेकर भी हुई चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन को भारत में होने वाले आगामी BRICS शिखर सम्मेलन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत कुछ ही समय बाद इस सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है और भारतीय प्रतिनिधिमंडल पुतिन के स्वागत के लिए उत्सुक है.
मोदी के मुताबिक, पुतिन की भारत यात्रा से दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूती मिलेगी. साथ ही BRICS के मंच पर भी आपसी बातचीत और सहयोग को नई गति मिल सकती है.
ये भी पढ़ें- महानगरों की आपाधापी के बीच लोक संस्कृति का संगम, CMD उपेंद्र राय ने बताया क्यों खास है ‘बदरिया’ उत्सव?
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


