RSS Centenary Celebration PM Modi: केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने आज अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष समारोह का आयोजन किया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपस्थित रहे. समारोह में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र शेखावत और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद थीं.
स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी
प्रधानमंत्री मोदी ने संघ के 101वें वर्ष में प्रवेश और उसकी 100 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा को सम्मान देने के लिए 100 रुपए का स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी किया.
संघ के सरकार्यवाह ने क्या कहा?
समारोह में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि कल की विजयादशमी संघ के लिए विशेष महत्व रखती है. उन्होंने बताया कि अब तक संघ ने 100 विजयादशमी देखी हैं और यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है. होसबोले ने यह भी कहा कि आज हर जगह स्वयंसेवकों की उपस्थिति है और समाज अब संघ को बेहतर तरीके से जानता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ की स्थापना राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए हुई थी और इसका उद्देश्य व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण तक का है.
पीएम मोदी ने की संघ के योगदान की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संघ के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संघ ने समाज के लिए निरंतर कार्य किया है और उसके स्वयंसेवक हमेशा त्याग, समर्पण और समाज के प्रति संवेदनशीलता के उदाहरण रहे हैं. उन्होंने आदिवासी समाज और उनके कल्याण पर विशेष जोर दिया और बताया कि संघ की संस्थाएँ जैसे सेवा भारती और विद्या भारती आदिवासियों के सामाजिक-सांस्कृतिक उत्थान में सक्रिय हैं.
भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था-PM Modi
पीएम मोदी ने देश की वर्तमान परिस्थितियों और विकास की दिशा पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि भारत अब विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है और युवा नए क्षेत्रों में अवसर पा रहे हैं. उन्होंने सामाजिक समरसता, वोकल फॉर लोकल और वंचितों का सशक्तिकरण देश की प्राथमिकता बताया.
इसे भी पढ़ें-दिवाली से पहले केंद्र सरकार का तोहफा, DA में बढ़ोतरी से सैलरी में आएगा उछाल
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज केवल आर्थिक विकास ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, हरित ऊर्जा और सतत विकास पर भी ध्यान देना आवश्यक है. ये प्रयास देश को 2047 तक सशक्त और विकसित भारत बनाने में मदद करेंगे.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

