पीएम मोदी आज ‘सेवा यात्रा’ के प्रतिभागियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद करेंगे
PM Modi Seva Yatra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 सितंबर की सुबह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘सेवा यात्रा’ में शामिल युवाओं से संवाद करेंगे. यह बातचीत सुबह 9 बजे होगी. देश के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े 500 से ज्यादा युवा इस यात्रा का हिस्सा हैं, जो मोटरसाइकिलों के जरिए गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक पहुंच रहे हैं.
17 सितंबर को शुरू हुई यह यात्रा 7 अक्टूबर तक चलेगी. अभियान के दौरान युवा स्वयंसेवक रास्ते में आने वाले गांवों, कस्बों और जिलों में रुककर सेवा से जुड़े अलग-अलग काम कर रहे हैं. इसका मकसद सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह बाइक से पहुंचना नहीं, बल्कि लोगों के बीच जाकर सामाजिक भागीदारी और सेवा की भावना को मजबूत करना है.
गांव-गांव पहुंच रहा सेवा का संदेश
यात्रा में शामिल युवा स्कूलों, अस्पतालों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में सफाई और मदद से जुड़े काम कर रहे हैं. कई जगह तालाबों, मंदिरों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है. इसके अलावा ग्रामीणों से बातचीत, युवा संवाद और ग्राम सभा के जरिए स्थानीय मुद्दों को समझने की कोशिश भी की जा रही है.
यात्री ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाने के साथ गौ सेवा जैसी गतिविधियों में भी हिस्सा ले रहे हैं. पीएम श्री स्कूलों में बच्चों से मुलाकात कर उन्हें किताबें और स्टेशनरी दी जा रही है. वहीं अस्पतालों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में जरूरतमंद लोगों की मदद की जा रही है.
35,500 किलोमीटर का लक्ष्य
भाजपा के अनुसार, इस 22 दिवसीय अभियान में 20 टीमें कुल 35,500 किलोमीटर की दूरी तय करने का लक्ष्य लेकर चल रही हैं. रास्ते में विधवाओं को उपयोगी किट बांटने, आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने और लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं.
यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर से जुड़ा है. अब 24 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी सीधे सेवा यात्रियों से बातचीत करेंगे और उनके अनुभव भी जानेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
