Bharat Express DD Free Dish

‘सिक्किम ने भारत के विकास में अहम योगदान दिया’, पीएम मोदी ने सिक्किम स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

PM Modi Sikkim Message, Sikkim Statehood Day, Sikkim 22nd State, Sikkim Culture, Sikkim Geography, पीएम मोदी सिक्किम संदेश, सिक्किम स्थापना दिवस, भारत का 22वां राज्य, सिक्किम संस्कृति, सिक्किम भौगोलिक स्थिति

Sikkim Statehood Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सिक्किम स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि सिक्किम में उन्हें जो अपनापन मिला, वह हमेशा उनकी यादों में रहेगा. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सिक्किम ने भारत के विकास में अहम योगदान दिया है और राज्य के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य व समृद्धि की कामना करता हूं.

समारोहों से जुड़ी यादें

पीएम मोदी ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें सिक्किम के लोगों के बीच रहकर स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा बनने का अवसर मिला था. उन्होंने कहा कि वहां का अपनापन और स्नेह उनके जीवन की खास यादों में शामिल हो गया है. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार आने वाले समय में भी सिक्किम के विकास में सहयोग करती रहेगी.

भारत में शामिल होने की कहानी

सिक्किम 16 मई 1975 को भारत का 22वां राज्य बना. इससे पहले यह एक स्वतंत्र राजशाही थी, जिसे चोग्याल शासक चलाते थे. जनता के दबाव और राजनीतिक घटनाओं के बाद जनमत संग्रह हुआ, जिसमें बहुमत ने भारत में शामिल होने का समर्थन किया. इसके बाद संसद ने संविधान संशोधन कर सिक्किम को भारतीय संघ का हिस्सा बना दिया.

भौगोलिक स्थिति

सिक्किम हिमालय की गोद में बसा है. उत्तर में इसकी सीमा चीन से, पूर्व में भूटान से और पश्चिम में नेपाल से लगती है. दक्षिण में यह पश्चिम बंगाल से जुड़ा है. बर्फ से ढकी चोटियां, हरे-भरे जंगल और प्राकृतिक सुंदरता इसे खास पहचान देती हैं.

जनसंख्या और संस्कृति

सिक्किम की आबादी लगभग 6.5 लाख है. यहां नेपाली, भूटिया और लेपचा समुदाय प्रमुख हैं. राज्य की संस्कृति विविधता से भरी है और यहां के त्योहार, नृत्य और परंपराएं इसे अलग पहचान देते हैं.

ये भी पढ़ें-नीदरलैंड पहुंचे PM मोदी, राजा विलेम-अलेक्जेंडर के साथ द्विपक्षीय बातचीत आज

इस तरह सिक्किम का स्थापना दिवस न सिर्फ ऐतिहासिक महत्व रखता है, बल्कि यह राज्य की उपलब्धियों और भारत के साथ इसके मजबूत रिश्तों का भी प्रतीक है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read